
रसोई के मसालों में शामिल मेथी दाना (Fenugreek Seeds) केवल खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि न्यूट्रिशन साइंस की दुनिया में इसे एक बेहद शक्तिशाली ‘बायो-एक्टिव’ सुपरफूड माना जाता है। क्लिनिकल न्यूट्रिशन और मेटाबॉलिक रिसर्च के अनुसार, अगर आप सिर्फ 14 दिनों तक सही तरीके से मेथी दाने का नियमित सेवन करते हैं, तो शरीर का पूरा मेटाबॉलिज्म अंदर से रीबूट होना शुरू हो जाता है। पारंपरिक नुस्खों और इंटरनेट पर अक्सर यह दावा किया जाता है कि सुबह खाली पेट भीगा हुआ मेथी दाना खाने से वजन तेजी से घटता है और ब्लड शुगर (Diabetes) को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। लेकिन क्या वाकई मेथी दाना बढ़ते वजन और हाई शुगर को पूरी तरह काबू में कर सकता है? क्या विज्ञान और डाइट एक्सपर्ट्स इन दावों से सहमत हैं? किसी भी घरेलू नुस्खे को बिना सोचे-समझे आजमाने से पहले उसके वैज्ञानिक आधार और सही मात्रा को समझना बेहद जरूरी है।
इन जरूरी सवालों का सही और सुरक्षित जवाब जानने के लिए हमने बात की देश की जानी-मानी भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र से। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रोजाना दो हफ्तों तक मेथी दाना का सेवन करने से हमारे मेटाबॉलिज्म और शुगर लेवल पर कैसा असर डालती है, इसे खाने का सही तरीका क्या है और किन लोगों को इसके अत्यधिक सेवन से बचना चाहिए।
मेथी दाना के पोषक तत्व
मेथी दाना पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और कई फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं। साथ ही इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, जिंक, पोटैशियम, कॉपर और मैंगनीज जैसे आवश्यक खनिज मौजूद होते हैं। मेथी में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट और सैपोनिन शरीर की ओवर ऑल हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
वात और कफ दोष को संतुलित करने में सहायक
आयुर्वेद के अनुसार मेथी का 14 दिनों तक नियमित सेवन शरीर में वात और कफ दोष के संतुलन में मदद कर सकता है। इसकी गर्म प्रकृति शरीर में जमा अतिरिक्त कफ को कम करने और वात से जुड़ी समस्याओं जैसे गैस, जकड़न और भारीपन में राहत देने में मददगार मानी जाती है।
ब्लड शुगर कंट्रोल में है मदद
मेथी में घुलनशील फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो भोजन के बाद ग्लूकोज के अवशोषण की गति को धीमा कर सकता है। इससे रक्त शर्करा में अचानक बढ़ोतरी को कंट्रोल करने में मदद मिलती है और डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
Journal of Diabetes and Metabolic Disorders और National Center for Biotechnology Information (NCBI) में प्रकाशित क्लिनिकल स्टडी के अनुसार मेथी दाने में ‘गैलेक्टोमेन्नन’ (Galactomannan) नामक एक अत्यंत चिपचिपा घुलनशील फाइबर पाया जाता है। जब आप मेथी दाने का सेवन करते हैं, तो यह फाइबर पेट और छोटी आंत में जाकर एक सुरक्षात्मक जेल (Gel) जैसी परत बना लेता है। यह जेल भोजन से निकलने वाले कार्बोहाइड्रेट और ग्लूकोज के अवशोषण (Absorption Rate) को बहुत धीमा कर देता है और ब्लड शुगर को नॉर्मल रखता है।
पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में उपयोगी
मेथी का फाइबर और प्राकृतिक यौगिक पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसका सेवन कब्ज, अपच और पेट में भारीपन जैसी समस्याओं में राहत दे सकता है। नियमित सेवन आंतों की गतिविधि को संतुलित रखकर पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है। International Journal of Food Sciences and Nutrition और European Journal of Clinical Nutrition के एक शोध के मुताबिक मेथी दाने में प्रचुर मात्रा में फाइबर के साथ-साथ ‘म्यूसिलेज’ (Mucilage) नामक एक प्राकृतिक चिकना पदार्थ होता है जो पुरानी से पुरानी कब्ज का इलाज करता है।
कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार
कई रिसर्च में ये साबित हो चुका है कि मेथी का नियमित सेवन LDL (खराब) कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद फाइबर और सैपोनिन वसा के अवशोषण को प्रभावित कर सकता हैं, जिससे दिल की सेहत को फायदा होता है।
वजन कंट्रोल करने में है मददगार
मेथी के बीज और पत्तियां फाइबर तथा एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकती हैं। इसका नियमित और संतुलित सेवन बार-बार भूख लगने की समस्या को कम कर सकता है, जिससे अनावश्यक स्नैकिंग और ज्यादा कैलोरी लेने से बचाव होता है। इसके अलावा मेथी में मौजूद सूजन-रोधी गुण शरीर के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और वजन कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सेवन कैसे करें
मेथी दाने को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट चबाया जा सकता है। इसके अलावा अंकुरित मेथी, मेथी की चाय या भोजन में मसाले के रूप में भी इसका सेवन किया जा सकता है। मात्रा और उपयोग के बारे में व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर होता है। रोजाना 5-20 ग्राम मेथी दाना का सेवन सेहत के लिए पर्याप्त है। अगर आप डायबिटीज की दवा ले रहे हैं तो ब्लड शुगर की निगरानी करें वरना शुगर लो होने का खतरा हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। अगर आप डायबिटीज, ब्लड थिनर या अन्य दवाएं ले रहे हैं, गर्भवती हैं, या किसी चिकित्सीय स्थिति से गुजर रहे हैं तो मेथी का नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य आयुर्वेदिक विशेषज्ञ से सलाह लें।



