
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अपने बीमार बाबा को देखने अस्पताल पहुंची एक युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि एक युवक ने युवती पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाया और मना करने पर अस्पताल में ही उसके साथ मारपीट कर दी।
पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दो साल पहले बंद कर दी थी बातचीत
पीड़िता के अनुसार, वह उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्य के एक बड़े शहर में पढ़ाई कर रही है। उसी क्षेत्र का रहने वाला एक युवक भी वहीं पढ़ता था और पहले दोनों के बीच बातचीत होती थी। हालांकि, करीब दो वर्ष पहले युवती ने उससे बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी।
आरोप है कि इसके बाद भी युवक लगातार उसका पीछा करता रहा और उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा।
फोटो एडिट कर वायरल करने की भी धमकी
युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक रूप देने की कोशिश की और उन्हें वायरल करने की धमकी भी दी। वह लगातार उसे परेशान करता रहा, जबकि युवती अपनी पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान देना चाहती थी।
अस्पताल में परिजनों के सामने की मारपीट
पीड़िता ने बताया कि उसके बाबा की तबीयत खराब होने पर वह परिवार के साथ उन्हें देखने एक निजी अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने पीछे से युवती के बाल पकड़ लिए और परिजनों के सामने उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके गांव स्थित घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और आरोपी की तलाश जारी है।



