पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में 45 रनों की पारी खेलते हुए उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 16,000 रन पूरे कर लिए। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बाबर को 399 पारियां लगीं। इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड अब भी भारतीय दिग्गज विराट कोहली के नाम है।

सहवाग को पीछे छोड़कर Babar Azam ने बनाया रिकॉर्ड
बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में 57 गेंदों का सामना करते हुए छह चौकों की मदद से 45 रन बनाए। इसी पारी के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16,000 रनों का आंकड़ा पार किया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
सबसे तेज 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में बाबर ने 399 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। वहीं, वीरेंद्र सहवाग को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 402 पारियां खेलनी पड़ी थीं। इस तरह बाबर ने भारतीय दिग्गज को पीछे छोड़कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया।
विराट कोहली अब भी नंबर1 पर कायम
इस रिकॉर्ड की बात करें तो विराट कोहली का दबदबा अब भी बरकरार है। उन्होंने महज 350 पारियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16,000 रन पूरे कर लिए थे। इस सूची में दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला हैं, जिन्होंने 363 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
इंग्लैंड के जो रूट ने 368 पारियों में, जबकि वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने 374 पारियों में यह मुकाम छुआ था। बाबर को विराट से 49 पारियां ज्यादा लगीं। ऐसे में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम के लिए कोहली का यह रिकॉर्ड तोड़ना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबले में चमके Babar Azam
श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में बाबर आजम की पारी भले ही अर्धशतक तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन उनकी उपलब्धि ने इसे खास बना दिया। वह टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार अपनी बल्लेबाजी से पहचान बना चुके हैं।
बाबर आजम के नाम टेस्ट क्रिकेट में 4,771, वनडे में 6,671 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4,596 रन दर्ज हैं। उनकी इस उपलब्धि से पाकिस्तान क्रिकेट में खुशी का माहौल है। अब देखना होगा कि बाबर आने वाले मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं।



