जिम्बाब्वे दौरे के बीच बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। चोट के कारण टीम का स्टार तेज गेंदबाज पूरे दौरे से बाहर हो गया है, जबकि उसकी जगह रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया गया है।

BAN vs ZIM, Trouble for Bangladesh: जिम्बाब्वे दौरे के बीच बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान चोटिल होने के कारण पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी बांग्लादेश के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है, क्योंकि वह टीम के गेंदबाजी आक्रमण की सबसे अहम कड़ी हैं।
मुस्तफिजुर को दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड1 मसल टियर और दाहिने घुटने में मेनिस्कल डिजनरेशन की समस्या हुई है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम चार सप्ताह का समय लगेगा। उनकी जगह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद को टीम में शामिल करने का फैसला किया है।
BAN vs ZIM: चोट के चलते पूरे दौरे से बाहर हुए मुस्तफिजुर
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में मुस्तफिजुर रहमान ने छह ओवर में सिर्फ 19 रन खर्च किए थे, लेकिन मैच के दौरान उन्हें चोट लग गई। इस मुकाबले में बांग्लादेश को 25 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चोट के कारण वह दूसरे वनडे में भी नहीं खेल सके, जहां उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को मौका दिया गया। अब वह तीसरे और अंतिम वनडे के अलावा तीन मैचों की टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।
🚨 Bangladesh squad update 🇧🇩
Mustafizur Rahman has been ruled out of the remainder of the Zimbabwe tour with a hamstring injury.
🔄 Mohammad Saifuddin has been added to the squad for the third ODI, while Taskin Ahmed replaces Mustafizur in Bangladesh’s T20I squad.… pic.twitter.com/iJUfMxuL8C
— Shadman Sakib Arnob July 10, 2026
BAN vs ZIM: इस साल दूसरी बार चोट बनी बड़ी परेशानी
मुस्तफिजुर के लिए यह साल चोटों से जूझने वाला रहा है। पाकिस्तान सुपर लीग से लौटने के बाद अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भी उनके घुटने में चोट लगी थी। उस समय वह शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। हालांकि तीसरे वनडे में वापसी करते हुए उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी और पांच विकेट अपने नाम किए थे। लेकिन अब एक बार फिर चोट ने उनकी लय और बांग्लादेश की योजनाओं पर पानी फेर दिया है।
BAN vs ZIM: फिजियो ने बताई चोट की गंभीरता
बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने बताया कि पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय मुस्तफिजुर ने दाहिने पैर की मांसपेशियों में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उनका स्कैन कराया गया। रिपोर्ट में दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड1 मसल टियर की पुष्टि हुई। फिजियो ने यह भी बताया कि उनके उसी घुटने में पहले से हल्की समस्या मौजूद थी। मेडिकल टीम के अनुसार उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम चार सप्ताह का समय लगेगा और वह स्वदेश लौटकर अपना रिहैब शुरू करेंगे।
‘द हंड्रेड’ में भी खेलना मुश्किल
मुस्तफिजुर रहमान की चोट का असर इंग्लैंड में होने वाले ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट पर भी पड़ सकता है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें 20 जुलाई से 20 अगस्त तक पूरे टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी थी। वह इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बनने वाले थे। द हंड्रेड 2026 के ड्राफ्ट में बर्मिंघम फोनिक्स ने उन्हें उनकी बेस प्राइस 1 लाख पाउंड में खरीदा था। हालांकि मौजूदा चोट को देखते हुए उनके शुरुआती मुकाबलों में खेलने की संभावना काफी कम नजर आ रही है।


