
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के चौकाघाट रेलवे स्टेशन के निकट रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का गर्दन कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है।
दो रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह स्टेशन से कुछ दूरी पर दो रेलवे ट्रैक के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
गोरखपुरहैदराबाद एक्सप्रेस करीब आधे घंटे खड़ी रही
घटना के बाद गोरखपुरहैदराबाद एक्सप्रेस भी करीब आधे घंटे तक घटनास्थल के पास खड़ी रही। ट्रेन रुकने की जानकारी मिलते ही यात्रियों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। इससे कुछ देर के लिए चौकाघाट रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। रेलवे पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
आरपीएफ इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जीआरपी मृतक की पहचान कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी मृतक की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है।



