
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास सोमवार सुबह माइनर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के शरीर और आंख के पास चोट के निशान मिलने से मौत को लेकर तरहतरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अकबरपुर निवासी मुकेश कुमार पुत्र भरत राम गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुकेश रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह करीब छह बजे गांव के लोगों ने अकबरपुर चौराहे के निकट माइनर में एक युवक का शव उतराता देखा।
सूचना मिलते ही दरियाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माइनर से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मुकेश कुमार के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, मुकेश नशे का आदी था और रविवार शाम से लापता था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या, हादसे समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटा रही है। दरियाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
देवा : थाना देवा क्षेत्र के ग्राम कासिमगंज में रविवार देर रात एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान लक्ष्मी पत्नी अर्जुन यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। आननफानन में परिजनों ने उन्हें नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना देवा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में मौत के कारणों को लेकर तरहतरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थाना देवा के प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


