
बाराबंकी, अमृत विचार। विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में जनपद के बच्चे लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। वर्ष 202425 की इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित 31 बच्चों में बाराबंकी के दो बच्चों मान्या श्रीवास्तव और कृष्णा कनौजिया ने चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। दोनों प्रतिभाशाली बच्चे अब राष्ट्रीय मंच पर अपने नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। 15 और 16 सितंबर 2026 को दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली मेंटरशिप वर्कशॉप में दोनों प्रतिभाग करेंगे।
इस दौरान वे डीटीयू के प्रोफेसरों और संस्थान के विशेषज्ञों के समक्ष अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे और उनसे नवाचार से जुड़ी तकनीकी बारीकियां सीखेंगे। इस मेंटरशिप वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की वैज्ञानिक सोच से विकसित नवाचारों के प्रोटोटाइप मॉडल की बारीकियों को समझना, उसमें आवश्यक सुधार के लिए विशेषज्ञों से सुझाव प्राप्त करना और बच्चों को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना है।
बाराबंकी में विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2023 में इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में शिक्षक राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पूजा पाल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करने के बाद जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान और नवाचार के प्रति एक नई ऊर्जा देखने को मिली। इसके बाद IRIS नेशनल फेयर में स्थान प्राप्त करना और राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित होना जैसी बड़ी उपलब्धियों ने इस अभियान को और मजबूती दी।
इन सफलताओं ने बाराबंकी के शिक्षा जगत में विज्ञान एवं नवाचार को लेकर एक नई क्रांति पैदा की है। आज जिले के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और बड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में वर्ष 202425 की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित 31 विद्यार्थियों में बाराबंकी के मान्या श्रीवास्तव और कृष्णा कनौजिया का शामिल होना जिले की बढ़ती वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रमाण है। दोनों बच्चों की उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरा बाराबंकी जनपद गौरवान्वित है।



