Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे गांव को हैरान कर दिया. घर के अंदर पांच साल के बेटे ने अपनी मां से सिर्फ दाल बनाने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद ऐसा हुआ कि परिवार के लोगों के होश उड़ गए. गुस्से में महिला ने खेत में इस्तेमाल होने वाली जहरीली कीटनाशक दवा पी ली. हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई. फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

दरअसल, नवाबगंज के गांव हरदुआ के रहने वाले नेत्रपाल की 28 वर्षीय पत्नी गायत्री शुक्रवार रात घर के काम में व्यस्त थीं. इसी दौरान उनका पांच साल का बेटा राज बारबार दाल बनाने की जिद करने लगा. बताया जा रहा है कि घरेलू काम और तनाव के बीच बच्चे की लगातार जिद से गायत्री नाराज हो गईं.
अस्पताल में समय पर मिला इलाज, अब खतरे से बाहर
कुछ देर बाद उन्होंने घर में रखी खीर और लौकी की फसल में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा पी ली. शुरुआत में घर के लोगों को इसकी जानकारी नहीं हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद गायत्री की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. उन्हें उल्टियां होने लगीं और बेचैनी बढ़ गई. यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए.
महिला की हालत बिगड़ते ही पति नेत्रपाल और परिवार के अन्य लोग उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. इमरजेंसी में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया. डॉक्टरों की निगरानी और समय पर उपचार मिलने की वजह से गायत्री की हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है. फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज किया जा रहा है. डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच, घरेलू तनाव की भी पड़ताल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला घरेलू तनाव और गुस्से में उठाए गए कदम से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस परिवार के लोगों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रही है.



