
बस्ती, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बस्ती जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्ती के लोगों को अच्छी से अच्छी चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उमस और गर्मी अधिक होने के बावजूद इमरजेंसी वार्ड में अभी तक वातानुकूलित सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने तत्काल वार्ड में AC लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे इमरजेंसी वार्ड को वातानुकूलित करने को कहा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि AC लगाने के लिए आवश्यक राशि रोगी कल्याण निधि में उपलब्ध है। उन्होंने अस्पताल परिसर की पूरी मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में जिन स्थानों पर सड़कें टूटी हैं, उन्हें भी ठीक कराने को कहा।
मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल व बैठने की व्यवस्था
ब्रजेश पाठक ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही मरीजों के परिजनों के बैठने के लिए बेंच लगाने को कहा।
खाली चिकित्सकों के पद तत्काल भरने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों को लेकर भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन चिकित्सकों के पद खाली हैं, उन्हें तुरंत भरा जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार बस्ती जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए गए निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन सुनिश्चित करने को कहा।



