बॉलीवुड की कई रोमांटिक फिल्मों का निर्माण कर चुके करण जौहर ने इस साल 5 मई को मेट गाला में पहली बार रेड कार्पेट पर कदम रखा। इस खास मौके पर उन्होंने मनीष मल्होत्रा का डिजाइन किया हुआ आउटफिट पहना, जो राजा रवि वर्मा की कला से प्रेरित था। उनका लुक शाही अंदाज और मॉडर्न स्टाइल का खूबसूरत मेल था। अपनी खास स्टाइल और कॉन्फिडेंस के साथ करण ने दुनिया के इस सबसे बड़े फैशन इवेंट में सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा।

फिल्ममेकर करण जौहर का मेट गाला में आना उस समय हुआ, जब उनके करीबी दोस्त और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने 2025 में इस इवेंट में अपना डेब्यू किया था। हालांकि, इस बार किंग खान न्यूयॉर्क में आयोजित हुए मेट गाला का हिस्सा नहीं बन पाए। लेकिन करण ने उनके बारे में दिल छू लेने वाली बातें शेयर कीं और बताया कि शाहरुख का उनके जीवन पर कितना गहरा असर है।
क्या बोले करण जौहर?
करण जौहर ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, “मेरे लिए ये बहुत इमोशनल है। शाहरुख मेरे करियर का बहुत बड़ा हिस्सा हैं। मैंने अपनी पहली पांच फिल्में उनके साथ की और आज मैं जहां हूं, उसकी वजह वही हैं। पिछले साल वो यहां आए थे और इस साल मैं आया हूं, तो ऐसा लगता है जैसे जिंदगी का एक पूरा चक्र पूरा हो गया है।”
वेटरन प्रोड्यूसर यश जौहर के बेटे होने के बावजूद करण जौहर हमेशा कहते रहे हैं कि शाहरुख खान और आदित्य चोपड़ा उनकी ज़िंदगी के सबसे बड़े सहारे रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि आदित्य चोपड़ा की पहली फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करना करण के करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस फिल्म में शाहरुख खान और काजोल मुख्य भूमिका में थे और आज भी डीडीएलजे को भारतीय सिनेमा की सबसे मशहूर और पसंदीदा फिल्मों में गिना जाता है।
इसे लेकर करण ने 2024 में नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था, “आदित्य चोपड़ा और शाहरुख खान से मिलना मेरी किस्मत का हिस्सा था। ये दो ऐसे स्तंभ हैं, दो ऐसी वजहें हैं जिनकी वजह से मैं आज यहां बैठा हूँ। उन्होंने मुझमें कुछ ऐसा देखा जो मैंने खुद में कभी नहीं देखा था। मैं इसके लिए हमेशा उनका शुक्रगुजार रहूंगा। बाकी सब तो बस मेरा जुनून था… मैं शायद उतना ही सच्चा था जितना मैं हो सकता था। लेकिन अगर आपके पास ऐसे ताकतवर और भरोसा करने वाले लोग न हों, तो आगे बढ़ना बहुत मुश्किल हो जाता है।”



