IndiaUttar Pradesh

लखनऊ में निर्माणाधीन इमारत में बड़ा हादसा, लिफ्ट टूटने से बेसमेंट में गिरे 4 मजदूर; 3 गंभीर घायल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में बड़ा हादसा हो गया. महानगर थाना क्षेत्र के विज्ञानपुरी स्थित शालीमार गैलेंट वेस्ट परियोजना में काम के दौरान लिफ्ट टूटने से उसमें सवार चार मजदूर बेसमेंट में जा गिरे. हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक, सभी मजदूर फिलहाल खतरे से बाहर हैं.

लखनऊ में निर्माणाधीन इमारत में बड़ा हादसा, लिफ्ट टूटने से बेसमेंट में गिरे 4 मजदूर; 3 गंभीर घायल

प्लास्टर का काम करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन भवन में मजदूर लिफ्ट के अंदर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह टूटकर सीधे बेसमेंट में गिर गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई. अन्य मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. सभी घायल मजदूरों को तत्काल लखनऊ के नीरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार, तीन मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक मजदूर को हल्की चोट लगी है. चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है. उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

समस्तीपुर के रहने वाले हैं सभी घायल मजदूर

पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल सभी मजदूर बिहार के समस्तीपुर जिले के निवासी हैं. घायलों की पहचान छोटू कुमार , सुरेंद्र कुमार , निक्कू और मोनू के रूप में हुई है. हादसे के समय निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं.

हादसे के कारणों की जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है. हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन और लिफ्ट की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply