Mathura Police Theft Gang Busted: मथुरा जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलदेव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर घेराबंदी कर चोरी की विभिन्न घटनाओं में शामिल सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्विफ्ट कार, तीन मोटरसाइकिलें, सोलर इनवर्टर, बैटरी, बिजली के केबल, मोबाइल फोन, नकदी तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
चोरो के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाश माइलस्टोन124 के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी चोरी के एक मुकदमे में वांछित थे और अधिकांश के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस तथा अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
315 बोर का एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा उर्फ गुड्डू, नरेश, मौसिम और आशीष शामिल हैं। इनमें दीपक कचहरी परिसर के बाहर नींबू पानी बेचता है और खुद को कथित पत्रकार बताता था। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
बरामद सामान में एक स्विफ्ट कार, तीन मोटरसाइकिलें, एक्साइड सोलर ट्यूबलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इनवर्टर, विद्युत मोटर, बड़ी मात्रा में बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन तथा 3,240 रुपये नकद शामिल हैं।
यह कार्रवाई अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीर सिंह यादव, आलोक कुमार मिश्रा और पुलिस टीम ने की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



