Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में अवैध तरीके से चल रही हथियार फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. एटा पुलिस ने अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगंज थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीगंज थाना पुलिस ने गांव असदुल्लापुर में एक मकान पर छापेमारी की. यहां आरोपी सुधीर कुमार पुत्र नेकराम चोरीछिपे अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था.
हथियार बनाने का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन बने और अधबने 315 बोर के तमंचे, एक जिंदा कारतूस, 315 बोर के नौ कारतूसों के पेंदे, नौ तमंचों की नाल तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि आरोपी पहले भी अवैध हथियार बनाने और बेचने के मामले में जेल जा चुका है. वर्ष 2019 में भी उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई हुई थी.
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर आए दिन तमंचों के साथ फोटो और वीडियो वायरल होने की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. जांच में पता चला कि सुधीर कुमार आसपास के जिलों में अवैध तमंचे बनाकर बेचता था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीनचार महीने पहले बदायूं निवासी दीपक नामक व्यक्ति उससे चारपांच तमंचे खरीदकर ले गया था.
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तमंचे बनाने के लिए आवश्यक सामान एटा और फर्रुखाबाद की लोहा मंडियों से खरीदता था. पुलिस के अनुसार, बीमारी के कारण वह हाल के दिनों में सीमित संख्या में ही हथियार तैयार कर पा रहा था. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अवैध हथियारों की खरीदबिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.


