
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पेंशन से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किए हैं। सरकार ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत आने वाले केंद्रीय स्वायत्त निकायों (CABs) के कर्मचारियों के लिए निवेश के दो और विकल्प उपलब्ध कराए हैं। सरकार ने पहले एनपीएस के तहत आने वाले केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए निवेश के अतिरिक्त विकल्प- एग्रेसीव लाइफ साइकल फंड (LC-75) और बैलेंस्ड लाइफ साइकल फंड (BLC)) पेश किए थे। अब ये निवेश विकल्प केंद्रीय स्वायत्त निकायों में काम करने वाले एनपीएस अंशधारकों के लिए भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसकी जानकारी वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने दी है। व्यव विभाग ने कहा कि एनपीएस के तहत आने वाले केंद्रीय स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों के लिए वित्तीय सेवा विभाग की 13 नवंबर, 2025 की अधिसूचना को लागू कर दिया है।
क्या हैं फंड की खास बातें?
यह एक ऐसा निवेश विकल्प है जिसमें इक्विटी निवेश 75 प्रतिशत तक होता है। इसे उन अंशधारकों के लिए डिजाइन किया गया है जो लंबे समय में अधिक ग्रोथ चाहते हैं। एग्रेसीव लाइफ साइकल फंड (एलसी-75) को अब ‘एलसी-75-हाई’ नाम दिया गया है। वहीं, बैलेंस्ड लाइफ साइकल फंड की बात करें तो एक ऐसा निवेश विकल्प है जिसमें इक्विटी निवेश की सीमा 50 प्रतिशत है और 45 साल की उम्र से इक्विटी आवंटन धीरे-धीरे कम किया जाता है। इससे वृद्धि और स्थिरता के बीच एक संतुलित तरीका मिलता है।
वित्त मंत्रालय ने क्या कहा?
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”इन निवेश विकल्पों को बढ़ाने का मकसद केंद्रीय स्वायत्त निकायों में एनपीएस अंशधारकों को अधिक नरमी देना है ताकि वे अपने पेंशन निवेश को अपनी व्यक्तिगत जोखिम लेने की क्षमता, वित्तीय लक्ष्यों और सेवानिवृत्ति योजना की जरूरतों के हिसाब से समायोजित कर सकें।”
ये विकल्प अंशधारक की पसंद को और मजबूत करते हैं और सेवानिवृत्ति योजना के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए एनपीएस को और आकर्षक बनाते हैं। मंत्रालय ने कहा कि प्रशासनिक मंत्रालयों और विभागों से कहा गया है कि वे अपने प्रशासनिक नियंत्रण में आने वाले स्वायत्त निकायों को इन निवेश विकल्पों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दें।
एनपीएस स्वास्थ्य पेंशन योजना
आपको बता दें कि पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) अगले 60-70 दिन में एनपीएस स्वास्थ्य पेंशन योजना शुरू करने वाला है। यह योजना स्वास्थ्य बीमा और पेंशन को एक साथ जोड़ने वाला प्रोडक्ट होगी। एनपीएस स्वास्थ्य का मकसद चिकित्सा जरूरतों के लिए एक समर्पित पेंशन खाते की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके साथ एक ‘टॉप-अप’ स्वास्थ्य बीमा भी होगा जिसे पेंशन फंड, एनपीएस अंशधारकों की ओर से उपलब्ध कराएगा। पेंशन फंड, टॉप-अप स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के लिए बीमा कंपनियों के साथ साझेदारी करेंगे।



