India

NEET PG 2026 में बड़े बदलाव: एक ही शिफ्ट में होगी परीक्षा, हर सवाल के लिए मिलेगा ज्यादा समय

NEET PG New Rules: NEET PG 2026 की तैयारी कर रहे लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने परीक्षा को अधिक निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों के अनुकूल बनाने के लिए कई बड़े बदलावों का ऐलान किया है। अब परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी, उम्मीदवारों को घर के पास परीक्षा केंद्र मिलने की संभावना बढ़ेगी और प्रत्येक प्रश्न के लिए पहले की तुलना में अधिक समय मिलेगा।

NEET PG 2026 में बड़े बदलाव: एक ही शिफ्ट में होगी परीक्षा, हर सवाल के लिए मिलेगा ज्यादा समय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ये बदलाव 30 अगस्त को होने वाली NEET PG 2026 परीक्षा से लागू किए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित तरीके से आयोजित की जाए।

घर के पास मिल सकता है परीक्षा केंद्र

इस बार परीक्षा केंद्र आवंटन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले केंद्र ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जाते थे, जिससे कई छात्रों को दूरदराज के राज्यों में परीक्षा देने जाना पड़ता था।

नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को तीन पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा, जिसमें अपना राज्य पहली प्राथमिकता के रूप में चुनना अनिवार्य होगा। इससे उम्मीदवारों को उनके निवास स्थान के नजदीक परीक्षा केंद्र मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

परीक्षा शहर की जानकारी पहले मिलेगी

अब उम्मीदवारों को परीक्षा से लगभग तीन सप्ताह पहले ही परीक्षा शहर की जानकारी दे दी जाएगी। इससे यात्रा और ठहरने की व्यवस्था समय रहते की जा सकेगी। पहले कई छात्रों को परीक्षा केंद्र की जानकारी अंतिम समय में मिलती थी, जिससे अतिरिक्त खर्च और तनाव बढ़ जाता था।

180 प्रश्न, लेकिन हर सवाल के लिए ज्यादा समय

NBEMS ने परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया है। अब परीक्षा में 180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 210 मिनट का समय मिलेगा। पहले परीक्षा में 200 प्रश्न होते थे। हालांकि कुल परीक्षा अवधि में बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन प्रश्नों की संख्या कम होने से अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्न पर अधिक समय मिल सकेगा।

एक ही शिफ्ट में होगी परीक्षा

हाल के वर्षों में NEET PG परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई थी, जिससे कठिनाई स्तर और सामान्यीकरण को लेकर विवाद भी सामने आए थे। अब NEET PG 2026 एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी, ताकि सभी उम्मीदवारों को समान स्तर के प्रश्न मिलें और मूल्यांकन अधिक पारदर्शी हो।

सुरक्षा के लिए सख्त इंतजाम

सरकार ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया है। आवेदन से लेकर परीक्षा के दिन तक आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आइरिस बायोमेट्रिक सिस्टम का भी इस्तेमाल होगा। इसके अलावा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए मल्टीलेयर एन्क्रिप्शन, सुरक्षित डिजिटल डिक्रिप्शन, CCTV निगरानी, सिग्नल जैमर, लाइव मॉनिटरिंग और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। नकल, फर्जी उम्मीदवार और अनियमितताओं की शिकायत के लिए अलग ईमेल व्यवस्था भी शुरू की गई है।

ये भी पढ़ें: 

340 शहरों में होगी परीक्षा

NEET PG 2026 परीक्षा देशभर के करीब 340 शहरों और 1300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा संचालन के लिए 60 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इस वर्ष NEET PG 2026 के लिए 2,73,183 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.5 प्रतिशत अधिक है। 

ये भी पढ़ें: 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply