TrendingUttar Pradesh

​अयोध्या से बड़ी खबर : जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले CEO, ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल के नाम पर लगाई मुहर

डिजिटल डेस्क, अमृत विचार । श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट ने राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगा दी है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

राम मंदिर के प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पहली बार पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति की जा रही है। CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपा था। बुधवार को अयोध्या में ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में इन नामों पर मंथन के बाद जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है। आधिकारिक घोषणा के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

CEO पद के लिए आए 5585 आवेदन

राम मंदिर के पहले CEO की नियुक्ति के लिए ट्रस्ट को 5585 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से तीन उम्मीदवारों को अंतिम चयन के लिए चुना गया, जिसमें जितेंद्र मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई। CEO के चयन के लिए बुधवार को ट्रस्ट की बैठक हुई। बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, स्वामी कमलनयन दास, अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, ट्रस्टी महंत दीनेंद्र दास और कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

AI स्क्रीनिंग से लेकर इंटरव्यू तक चला चयन

CEO चयन की प्रक्रिया में AI आधारित स्क्रीनिंग के साथ मैनुअल मूल्यांकन भी किया गया। आवेदनों की जांच के लिए 600 अंकों का मूल्यांकन ढांचा तैयार किया गया था। प्रारंभिक मूल्यांकन में 3,577 उम्मीदवार शामिल हुए। इनमें से 470 या उससे अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में 108 आवेदकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की गई। अंतिम चरण में 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया और इसके बाद जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगी।

चंदा विवाद के बीच हुई CEO की नियुक्ति

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब मंदिर को मिले चंदे में कथित चोरी को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और एक अन्य पदाधिकारी के इस्तीफे की भी बात सामने आई है। जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति से राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को और अधिक व्यवस्थित, पेशेवर तथा जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply