IndiaPunjabTrending

पंजाब में सभी 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी BJP, बीएल संतोष ने गठबंधन की अटकलों पर लगाया विराम

पटियाला : पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के पहले दिन पटियाला में आयोजित जोनल बैठक में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को तेज करने का संदेश दिया।

गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम

बी.एल. संतोष के बयान के बाद पंजाब में भाजपा के किसी अन्य दल के साथ गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। इससे पहले प्रदेश भाजपा नेतृत्व की ओर से भी सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही जा चुकी है। केंद्रीय नेतृत्व के इस रुख से पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट चुनावी दिशा मिल गई है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

बी.एल. संतोष अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के दौरान पार्टी संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। चंडीगढ़ पहुंचने पर प्रदेश भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अलगअलग क्षेत्रों में जोनल बैठकें कर पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के साथ संगठन विस्तार, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

पटियाला और बठिंडा में हुई अहम बैठकें

दौरे के पहले दिन पटियाला और बठिंडा में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। पटियाला की बैठक में मोहाली, पटियाला नॉर्थ, पटियाला अर्बन, पटियाला साउथ, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर से जुड़े पार्टी पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

वहीं, बठिंडा में हुई जोनल बैठक के दौरान बरनाला, मानसा, बठिंडा रूरल, बठिंडा अर्बन, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के नेताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों और चुनावी तैयारियों पर मंथन किया गया।

भाजपा नेतृत्व का फोकस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए पूरी तरह सक्रिय करने पर है। पार्टी का दावा है कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा इस बार सभी सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply