CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

मोबाइल​​​ हैक कर बनाई निजी​​​​​ तस्वीरें, पिता के व्हाट्सऐप पर भेजकर किया ब्लैकमेल;

मोबाइल​​​ हैक कर बनाई निजी​​​​​ तस्वीरें, पिता के व्हाट्सऐप पर भेजकर किया ब्लैकमेल;

कानपुर, उत्तर प्रदेश: साइबर अपराधियों की ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए NEET की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आरोप है कि साइबर अपराधियों ने छात्र का मोबाइल फोन हैक कर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर ली थीं। इन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। आरोपियों ने हद पार करते हुए छात्र के पिता के व्हाट्सऐप पर भी उसकी निजी तस्वीरें भेज दीं। इसके बाद रविवार देर रात हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव मिला।

इंटरमीडिएट में किया था टॉप, डॉक्टर बनने का था सपना

मृतक छात्र की पहचान शिवा सिंह के रूप में हुई है। वह बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का रहने वाला था। उसके पिता चंद्रवीर सिंह किसान हैं। शिवा पढ़ाई में काफी होनहार था और उसने वर्ष 2024 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया था।

डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए वह वर्ष 2025 में कानपुर आया था। यहां रावतपुर के तुलसी नगर स्थित हॉस्टल में अपने साथी दीपक गोस्वामी के साथ रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।

पिता को फोन कर बताई थी ब्लैकमेलिंग की बात

पिता चंद्रवीर सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को शिवा ने फोन करके बताया था कि किसी ने उसका मोबाइल हैक कर लिया है। साइबर अपराधी लगातार फोन कर उससे रुपये मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी जा रही है।

बेटे की परेशानी सुनकर पिता ने उसे समझाया और बहराइच के हुजूरपुर थाने में साइबर अपराधियों के खिलाफ शिकायत दी। इसके बावजूद धमकियों का सिलसिला नहीं रुका। रविवार को शिवा ने अपने चाचा रंजीत से एक हजार रुपये भी मांगे थे। चाचा ने ऑनलाइन पैसे भेज दिए, लेकिन आरोपी लगातार उसे परेशान करते रहे।

पिता के व्हाट्सऐप पर भी भेज दीं तस्वीरें

रविवार को साइबर अपराधियों ने छात्र के पिता के मोबाइल पर भी उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और सामग्री भेज दी। इससे छात्र और अधिक मानसिक दबाव में आ गया। परिवार की प्रतिष्ठा को लेकर वह काफी परेशान था।

पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी। लेकिन रविवार देर रात हॉस्टल के कमरे में शिवा की मौत हो गई। उसका रूम पार्टनर दीपक गोस्वामी जब कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर शिवा का शव कमरे में मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और छात्र का मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया।

पोस्टमार्टम हाउस में बेटे को तलाशती रही मां

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग कानपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस में पिता चंद्रवीर सिंह बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि बेटे को डॉक्टर बनाने के सपने के साथ कानपुर भेजा था, कभी नहीं सोचा था कि उसे इस तरह वापस लेकर जाना पड़ेगा।

वहीं मां पूनम सिंह की हालत बेहद खराब थी। वह पोस्टमार्टम हाउस में रखे शवों के बीच अपने बेटे को तलाशती रहीं और बार-बार शिवा का नाम पुकारती रहीं। मां और बहन का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर शुरू की जांच

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ के दौरान साइबर अपराधियों द्वारा छात्र को परेशान किए जाने की जानकारी दी है। फिलहाल छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने और जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर में MBA की छात्रा की भी हुई थी मौत

इसी बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी एक दुखद घटना सामने आई थी। पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में MBA की पढ़ाई कर रही 23 वर्षीय छात्रा की यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। बताया गया कि कुछ दिन पहले ही उसे नौकरी मिली थी।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध समाचार रिपोर्टों और पुलिस के शुरुआती बयानों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। साइबर ब्लैकमेलिंग से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply