मुरादाबाद में भगतपुर थाना इलाके के ग्राम फिरोजपुर में जमीनी रंजिश और पेड़ों को बेचने को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक रूप ले चुका है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले खेत की मेढ़ काटने के विवाद में वृद्ध किसान राकेश कुमार के साथ लोहे की सरिया व पत्थरों से बुरी तरह मारपीट कर उनकी बांह तोड़ दी गई थी.

इस मामले में न्याय की गुहार लगाने के बावजूद पुलिस की तरफ से सख्त एक्शन न लेने की बात कही गई है. सुनवाई न होने से मनबढ़ आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और बीते 11 अगस्त की सुबह पौने 11 बजे पीड़ित राजीव कुमार जब अपने खेत के पेड़ दिखाने जा रहा था, तब दबंगों ने उसे रोक लिया.
आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर ईंट व दरांती से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया. पीड़ित राजीव कुमार का कहना है कि उसने पूर्व में थाने व वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी, उसके बावजूद भी दबंगों ने दोबारा हमला किया है.
भयभीत पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी या जानलेवा घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी दबंग आरोपियों की ही होगी.
दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पारिवारिक आराजी भूमि पर लगे लगभग 200 यूकेलिप्टस के पेड़ों और खेत की मेढ़ को लेकर विपक्षी विनोद कुमार व उसके परिजनों से विवाद चल रहा है. पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि 24 मई को खेत में चराई काटने जाते समय उन पर हमला कर लहूलुहान कर दिया गया था. इसके बाद जब उनका बेटा राजीव 11 अगस्त को पेड़ बेचने की बात करने गया था, तो आरोपियों ने ललकारते हुए दरांती और ईंटों से हमला कर दिया था.
पीड़ित का कहना है कि वर्ष 2014 में दादाजी के देहांत के बाद ही जमीन का बंटवारा हो चुका था. इसके बावजूद आरोपी लगातार रंजिश रखते हुए परिवार का भविष्य और करियर बर्बाद करने की नीयत से आए दिन मारपीट और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं.
उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित राजीव और उनके पिता राकेश कुमार का आरोप है कि भगतपुर पुलिस की शिथिलता के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार पर ही लगातार झूठे मुकदमों का दबाव बनाया जा रहा है. लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी, एसएसपी व डीआईजी को शिकायती पत्र सौंपकर जानमाल की सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय की मांग उठाई है.
दूसरी ओर इस पूरे मामले में सोशल मीडिया सेल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रकरण में थाना भगतपुर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है.


