हैदराबाद : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शाबाद थाना क्षेत्र में POCSO मामले के एक आरोपी ने जमानत पर रिहा होने के बाद कथित तौर पर नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली। इस तरह आरोपी ने छह लोगों की हत्या कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर कहा कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ नाबालिग से जुड़े POCSO मामले में मुकदमा चल रहा था और कुछ दिन पहले ही उसे जमानत मिली थी। आरोप है कि जमानत पर बाहर आते ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी ने रात के दौरान दो अलगअलग स्थानों पर हत्याएं कीं। वारदात के बाद उसने अपने पिता को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद से वह फरार है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



