
पटियाला शहर के रणजीत नगर इलाके में रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर की छत पर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे 17 वर्षीय नौवीं कक्षा के छात्र तनवीर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तनवीर रविवार देर रात अपने कुछ दोस्तों के साथ घर की छत पर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच स्कूल में सहपाठी रहने के दौरान किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई भी हुई। इसी बीच दूसरे पक्ष की ओर से तनवीर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। हमला इतना गंभीर था कि तनवीर घायल होकर छत पर गिर पड़ा। परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना त्रिपड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
एसपी मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी के दौरान पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद तनवीर पर हमला किया गया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। थाना त्रिपड़ी में आरोपितों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



