Hai Jawani To Ishq Hona Hai Vs Bandar: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त दो फिल्मों की किस्मत बिल्कुल अलग कहानी बयां कर रही है। एक तरफ वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करती नजर आ रही है, वहीं दूसरी तरफ बॉबी देओल की ‘बंदर’ टिकट खिड़की पर संघर्ष कर रही है। दूसरे दिन जहां रोमांटिककॉमेडी फिल्म ने 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर अपनी रफ्तार बनाए रखी, वहीं ‘बंदर’ की कमाई लाखों तक ही सीमित रह गई। चलिए अब आपको इसके दूसरे दिन के कलेक्शन के बारे में बताते हैं।

दूसरे दिन वरुण की फिल्म का कलेक्शन
डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। सैकनिल्क के अनुसार, दूसरे दिन मूवी ने 8,813 शो में 7.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 17.70 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 14.75 रुपये करोड़ हो गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने दूसरे दिन 3 करोड़ रुपये कमाए, जिससे वर्ल्डवाइड 5.50 करोड़ और ओवरसीज कलेक्शन के साथ 23.20 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
बता दें कि ‘है जवानी तो इश्क होना है’ डेविड धवन की आखिरी निर्देशित फिल्म है। वहीं, इसका बजट भी लगभग 5055 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। अगर यह नॉन वीकेंड पर अच्छा बिजनेस करती है, तो ऐसा माना जा रहा है कि यह दूसरे हफ्ते में ही अपनी लागत वसूल सकती है।
‘बंदर’ का दूसरे दिन का बिजनेस
‘बंदर’ बॉबी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म थी, लेकिन यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। ओपनिंग डे पर फिल्म ने सिर्फ 50 लाख रुपये का बिजनेस किया था और अब दूसरे दिन इसके बिजनेस में थोड़ा सा इजाफा हुआ, लेकिन यह 2 करोड़ भी नहीं कमा पाई। सैकनिल्क के अनुसार, शनिवार को ‘बंदर’ ने 1,257 शो से 95 लाख रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 1.74 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 1.45 रुपये करोड़ हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस फिल्म का बजट लगभग 25 करोड़ है, पर इसकी रफ्तार जैसे चल रही है उसके अनुसार यह अपनी लागत भी नहीं वसूल कर पाएगी। ‘बंदर’ की कमाई न कर पाने की एक बड़ी वजह इसे मिले कम स्क्रीन्स और अन्य फिल्मों से कड़ी टक्कर है, जिनके बीच यह संघर्ष करते हुए नजर आ रही है।



