नई दिल्ली
अगर आप भारीभरकम एलपीजी सिलेंडर उठाने से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। देश की प्रमुख सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने अपने ग्राहकों के लिए भारतगैस लाइट जिप नाम से नई प्रीमियम एलपीजी सर्विस लॉन्च की है। इसके तहत ग्राहकों को हल्का कंपोजिट गैस सिलेंडर, फटाफट नया कनेक्शन और गैस की एक्सप्रेस डिलीवरी मिल सकेगी। कंपनी का दावा है कि यह सेवा आज की तेज रफ्तार जिंदगी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि ग्राहकों को गैस कनेक्शन और सिलेंडर डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।

15 अगस्त से 24 राज्यों में शुरू होगी सर्विस
फिलहाल, भारतगैस लाइट जिप की शुरुआत मुंबई से की गई है। BPCL ने घोषणा की है कि 15 अगस्त 2026 तक इसे देश के 24 राज्यों के 100 और शहरों में शुरू कर दिया जाएगा, यानी आने वाले कुछ ही हफ्तों में लाखों ग्राहकों को यह नई सुविधा मिलने लगेगी। BPCL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संजय खन्ना ने इस सेवा की शुरुआत की। उनके साथ कंपनी के मार्केटिंग निदेशक शुभंकर सेन भी मौजूद रहे।
फी हल्का सिलेंडर
इस नई सर्विस की खासियत भारतगैस लाइट कम्पोजिट सिलेंडर है। रेगुलर स्टील सिलेंडर की तुलना में यह काफी हल्का है, इसलिए इसे घर के किसी भी सदस्य के लिए उठाना और इधरउधर रखना आसान होगा। इसके अलावा यह सिलेंडर जंग नहीं पकड़ता, इसलिए इसकी उम्र भी अधिक होगी। इसमें ट्रांसलूसेंट बॉडी दी गई है, जिससे ग्राहक आसानी से देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। साथ ही इसमें अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स और एडवांस डिजाइन भी दिया गया है, जिससे यह पहले से ज्यादा सेफ और आकर्षक दिखता है।
BPCL का यह कदम ऐसे समय आया है, जब देश में एलपीजी सेक्टर में प्रीमियम सेवाओं और क्विक डिलीवरी को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। हाल ही में हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी स्विगी इंस्टामार्ट के साथ मिलकर ऑनडिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की थी। वहीं, HPCL ने HP Navya नाम से अपना हल्का कंपोजिट सिलेंडर लॉन्च किया, जिसकी शुरुआत बेंगलुरु से हुई। इस सर्विस की खास बात यह है कि ग्राहक बिना पहले से गैस कनेक्शन के भी नया सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। शुरुआती ऑर्डर में पहचान सत्यापन किया जाता है, जबकि बाद के ऑर्डर रिफिल के रूप में पूरे किए जाते हैं।
एक्सपर्ट का मानना है कि BPCL और HPCL के ये नए कदम इस बात का संकेत हैं कि अब सरकारी तेल कंपनियां भी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए नई तकनीक और डिजिटल सेवाओं पर तेजी से काम कर रही हैं। खासकर छोटे परिवारों, किराए के घरों में रहने वाले लोगों, छात्रों और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए हल्के सिलेंडर और फास्ट डिलीवरी काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
BPCL का कहना है कि भारतगैस लाइट ZIP सिर्फ एक नया गैस सिलेंडर नहीं, बल्कि एक बेहतर ग्राहक अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम है। अगर यह सेवा देशभर में सफल रहती है, तो आने वाले समय में एलपीजी बुकिंग, डिलीवरी और सिलेंडर इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। इससे ग्राहकों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि गैस सिलेंडर को संभालना भी पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित हो जाएगा।



