
Khairabad, Sitapur : सरकारी और नजूल संपत्तियों पर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ खैराबाद नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। खैराबाद के हटौरा क्षेत्र में करीब 40 हजार वर्गफीट नजूल भूमि, जिसकी अनुमानित बाजारी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है, पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे पर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। संयुक्त टीम ने मौके पर बने टिनशेड और अस्थायी बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर पूरी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।
मामला खैराबाद नगर पालिका के वार्ड-6 स्थित हटौरा का है, जहां भूखंड संख्या 1007, 1008, 1009, 1010, 1011 और 1017 राजस्व अभिलेखों में दर्ज नजूल सरकार की संपत्ति है। इस बेशकीमती जमीन पर हटौरा निवासी अहमद हसन पुत्र जुम्मन द्वारा अवैध रूप से कब्जा जमाया गया था। नगर पालिका प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित पक्ष को अपना दावा सिद्ध करने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया था। निर्धारित समय में कोई भी वैध अभिलेख न पेश किए जाने पर 15 दिनों के भीतर स्वतः अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। मियाद खत्म होने के बावजूद कब्जा न हटाए जाने पर मंगलवार को राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
इसी अभियान के तहत प्रशासन का अगला रुख महेन्द्र टोला की तरफ हुआ, जहां सीतापुर-बिसवां मुख्य मार्ग के किनारे स्थित नगर पालिका की चार अति-जर्जर दुकानों को जनसुरक्षा के मद्देनजर ध्वस्त करा दिया गया। ये दुकानें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर बलवंत सिंह, अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रेम शंकर गुप्ता, राजस्व निरीक्षक अवधेश पांडेय और सफाई निरीक्षक मनोज कुमार राणा समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। पालिका प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों और खतरे का सबब बनी जर्जर इमारतों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



