
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले से गाजियाबाद के खोड़ा सूर्या चौहान मर्डर केस जैसी घटना सामने आई है. यहां छेड़खानी का विरोध करने पर गुरुवार रात एक हिंदू युवक की धारदार हथियारों से गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों हंगामा किया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामला संतकबीरनगर जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे का है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है. पुलिस उसकी तलाश के लिए छापेमारी कर रही है. मृतक की पहचान आनंद (30) वर्ष पुत्र इंद्रेश कोलकी चमरसन गांव के रूप में हुई है.
भीड़ ने आरोपी के घर और गुमटी को फूंका
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एक गुमटी और आरोपी के घर में आग लगा दी. आरोपी समुदाय विशेष का बताया जा रहा है. इलाके में तनाव को देखते हुए तीन जनपदों की भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया. सूचना मिलते ही ADG अशोक मुथा जैन, DIG संजीव त्यागी, SP संदीप कुमार मीणा और DM आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे.
प्रदर्शन कर रहे परिजन आरोपी के इनकाउंटर की मांग पर अड़े रहें. हालांकि कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है.
शादी समारोह में भांजी से छेड़छाड के बाद हुआ था विवाद
हत्या की वजह कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में हुई छेड़खानी को बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक की भांजी से आरोपी नासिर ने छेड़खानी की थी, जिसका आनंद ने विरोध किया था, इसी रंजिश में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है. तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. वहीं मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपी का घर बुलडोजर से गिराया जाए.
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- मुर्गा काटने वाली छूरी से गला रेता
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था. वह मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था. उसके बाद कुछ सामान खरीदकर वह घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली वहां पहुंचा और नासिर ने आनंद की गर्दन पर मुर्गा काटने वाले धारदार छूरी से उसका गला रेत दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना में कुछ और लोग भी शामिल थे.
एसपी ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
तनाव को देखते हुए मौके पर पहुचे पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों ने घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर आनंद का नासिर ने गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दिया. कुछ दिन पूर्व शादी समारोह में दोनों में विवाद हुआ था. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.



