Satya Report: केंद्र सरकार ने विवादित वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर प्रतिबंध लगा दिया है। हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान यह जानकारी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को दी गई। यह डॉक्यूमेंट्री पहले 27 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी।

पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि वेब सीरीज’लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कार्रवाई सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने तथ्यों की जांच के बाद की है।
केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि वेब सीरीज के कंटेंट को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आई थीं, जिसके बाद मंत्रालय ने रिव्यू कर इसे बैन करने का फैसला लिया। फिलहाल इस शो के प्रसारण और प्रसार पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
मंत्रालय के आधिकारिक पत्र के अनुसार, पंजाब पुलिस ने जानकारी दी कि सीरीज़ में नाटकीय प्रस्तुतिकरण, असली फुटेज और ऐसे नैरेटिव एलिमेंट्स शामिल हैं, जो संगठित अपराध और अपराधियों का महिमामंडन करते हैं। इससे युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है और अपराध को सामान्य या आकर्षक रूप में दिखाया जा सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस तरह का कंटेंट पंजाब में गैंगस्टरवाद के खिलाफ चल रही कानून व्यवस्था की कोशिशों को कमजोर कर सकता है और राज्य में तनाव पैदा कर सकता है।
वहीं, सीरीज के निर्माताओं ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि ‘Lawrence of Punjab’ एक अपराधी पहचान के सफर को संस्कृति, सिस्टम और मीडिया के नजरिए से दिखाती है। इसमें लॉरेंस बिश्नोई को एक केस स्टडी के तौर पर शामिल किया गया है, ताकि बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भों को समझाया जा सके।



