Satya Report: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार 24 अप्रैल को लगातार तीसरे सेशन में भी जोरदार बिकवाली जारी रही. इस दौरान बेंचमार्क इंडेक्स – सेंसेक्स और निफ्टी 50 – दोनों ही 1% तक गिर गए. 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 1000 से ज्यादा पॉइंट, यानी 1% गिरकर 76,680.75 के दिन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 1% गिरकर 23,899.25 पर आ गया. निवेशकों को एक दिन में करीब 6 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ, क्योंकि BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार मूल्य पिछले सेशन के 466 लाख करोड़ से गिरकर इस सेशन में 460 लाख करोड़ रह गया.

वहीं, सिर्फ तीन लगातार सेशन में, सेंसेक्स 2,400 से ज्यादा पॉइंट यानी 3% गिर चुका है, जबकि NSE का मुख्य इंडेक्स निफ्टी 50 2.6% गिरा है. तीन दिनों में निवेशकों को करीब 9 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है, क्योंकि 21 अप्रैल को BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार मूल्य 469 लाख करोड़ था. वह खबर लिखे जाने तक 460 लाख करोड़ रुपये हो गया.
शेयर बाजार क्यों गिर रहा है?
आइए, उन पांच मुख्य वजहों पर नजर डालते हैं जिनके कारण भारतीय शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली हो रही है. .
- US-ईरान शांति समझौते को लेकर साफ जानकारी नहीं- बाजार में बिकवाली का दबाव इसलिए बना हुआ है, क्योंकि इस बात के कोई साफ संकेत नहीं मिल रहे हैं कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कोई शांति समझौता जल्द ही हो पाएगा. सीजफायर के बावजूद, दोनों देशों ने एक-दूसरे के प्रति अपनी सख्ती कम नहीं की है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने सेना को आदेश दिया है कि वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली छोटी ईरानी नावों पर “गोली चलाकर उन्हें नष्ट कर दें. दूसरी ओर, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने गुरुवार को कहा कि सभी ईरानी किसी भी बाहरी हमले के ख़िलाफ़ एकजुट होकर खड़े हैं, ताकि हमलावर को अपने किए पर पछताना पड़े. बाजार लगातार बुरी खबरों और पश्चिम एशिया संघर्ष पर संभावित समझौते से जुड़ी उम्मीदों पर प्रतिक्रिया दे रहा है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार, वी.के. विजयकुमार ने कहा कि बाजार की मध्यम से लंबी अवधि की दिशा तभी साफ़ होगी जब संघर्ष के समाधान पर स्पष्टता आएगी, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने पर. तब तक, कच्चे तेल की कीमतें ऊपर-नीचे होती रहेंगी, जिससे बाज़ार पर भी असर पड़ेगा.
- इस हफ्ते तेल की कीमतों में 18% की तेज बढ़ोतरी- इस हफ्ते कच्चे तेल की कीमतों में ज़बरदस्त तेजी देखने को मिली है, और ये लगभग 18% तक बढ़ गई हैं. इसकी वजह यह है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का दूसरा दौर नहीं हो पाया, क्योंकि बातचीत के लिए कोई भी पक्ष पाकिस्तान नहीं पहुंचा. इसके अलावा, शांति समझौते की संभावना भी अनिश्चित बनी हुई है.
- रुपया 94 के स्तर से नीचे गया- भारतीय रुपया एक बार फिर 94 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे गिर गया है, जिससे बाज़ार के माहौल पर दबाव बढ़ा है. PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 24 पैसे गिरकर 94.25 पर पहुंच गई, और इस तरह लगातार पांचवें दिन इसमें गिरावट जारी रही.
- विदेशी निवेशकों की ज़ोरदार बिकवाली- इस महीने कुछ दिनों तक भारतीय शेयर खरीदने के बाद, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने एक बार फिर जोर-शोर से भारतीय शेयर बेचना शुरू कर दिया है. पिछले चार सत्रों में, FIIs ने कैश सेगमेंट में ₹8,300 करोड़ से ज़्यादा के भारतीय शेयर बेचे हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते तीन दिनों तक खरीदारी करने के बाद, इस हफ़्ते विदेशी निवेशक फिर से बिकवाली करने लगे हैं. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के साथ-साथ इस वजह से रुपया एक बार फिर 94 के स्तर से नीचे गिर गया है. अगर विदेशी निवेशकों की बिकवाली का यह सिलसिला जारी रहा, तो बड़ी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी बनी रहेगी.



