ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

धान पंजीयन KYC के नाम पर ठगी?, 87 साल की बुजुर्ग महिला ने मांगी इच्छामृत्यु, BJP समर्थित पंच पर 90 लाख की संपत्ति हड़पने का आरोप..

धान पंजीयन KYC के नाम पर ठगी?, 87 साल की बुजुर्ग महिला ने मांगी इच्छामृत्यु, BJP समर्थित पंच पर 90 लाख की संपत्ति हड़पने का आरोप..

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां 87 साल की एक बुजुर्ग महिला ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की मांग की है।

महिला का आरोप है कि भाजपा समर्थित एक पंच ने केवाईसी, धान पंजीयन और बीमा संबंधी काम कराने के नाम पर उनकी करीब 90 लाख रुपए की संपत्ति हड़प ली। मामले में लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के बाद बुजुर्ग महिला ने पीएम, सीएम और वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।

पति और तीनों बेटों को खो चुकी है बुजुर्ग महिला

मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी इलाके का है। यहां की रहने वाली पीड़िता बालकुंवर बसोर के पति और तीनों बेटों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल वह अपनी बेटी के साथ रहती हैं और झौवा-टुकनी बेचकर जीवनयापन करती हैं।

बुजुर्ग महिला का आरोप है कि केन्दा निवासी भाजपा समर्थित पंच फगुन प्रसाद प्रजापति उर्फ मोनू ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए पहले भरोसा जीता और फिर धोखाधड़ी कर उनकी संपत्ति अपने नाम करा ली।

मदद का भरोसा दिलाया

शिकायत के अनुसार आरोपी ने बैंक में KYC और अन्य जरूरी कामों में मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद 14 दिसंबर 2021 को उसने धोखे से बुजुर्ग महिला के भारतीय स्टेट बैंक खाते से 23 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

साथ ही ग्राम पंचायत लूफा स्थित उनकी करीब ढाई हेक्टेयर कृषि भूमि भी अपने नाम दर्ज करा ली। सिर्फ इतना ही नहीं, बुजुर्ग महिला का यह भी कहना है कि पंच उनके घर में रखा सोना-चांदी भी ले गया।

पंजीयन के नाम पर दस्तावेजों पर लगवाया अंगूठा

बुजुर्ग महिला ने बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी उन्हें कई बार तहसील कार्यालय लेकर गया। उसने कहा कि धान बेचने के लिए पंजीयन कराना जरूरी है। इस दौरान कई दस्तावेजों पर उनसे अंगूठा लगवाया गया।

बाद में जब उन्होंने धान बिक्री की जानकारी लेनी चाही तो पता चला कि उनके नाम से कोई पंजीयन नहीं हुआ है। जांच कराने पर मालूम हुआ कि उनकी 6.34 एकड़ जमीन आरोपी के नाम दर्ज हो चुकी है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके मृत बेटे के नाम की सेंट्रो कार, एक्टिवा और छोटा हाथी वाहन को बीमा और दस्तावेज अपडेट कराने का झांसा देकर अपने नाम ट्रांसफर करा लिया गया। इस बात की जानकारी उन्हें बाद में उनके नाती से मिली।

लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं

पीड़िता और उनके परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस चौकी बेलगहना, एसडीओपी कार्यालय कोटा और एसपी कार्यालय बिलासपुर में कई बार शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जांच के नाम पर उन्हें लगातार चक्कर कटवाए। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों पर आरोपी पक्ष से पैसे लेकर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।

इच्छामृत्यु की मांग का आवेदन

हाल ही में बालकुंवर बसोर आईजी कार्यालय पहुंचीं और अपनी पूरी आपबीती बताते हुए इच्छामृत्यु की मांग से जुड़ा आवेदन सौंपा। मामला जब एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद आरोपी फगुन प्रसाद प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी, छलपूर्वक संपत्ति हड़पने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अब बैंक खातों के लेन-देन, जमीन की रजिस्ट्री और वाहनों के ट्रांसफर से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply