नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ान शुरू हो सकती हैं. दरअसल एयरपोर्ट प्रबंधन ने बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय नागरिक नीतू समारा को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. इस फैसले से एयरपोर्ट की अटकी प्रक्रियाओं को गति मिलने की उम्मीद है. आपको बता दें ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के नियम के अनुसार देश के किसी भी एयरपोर्ट को उड़ान की मंजूरी तभी मिलती है, जब उस एयरपोर्ट का सीईओ भारतीय नागरिक हो. अभी तक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमान थे जो 2020 से इस पद पर थे, वो अब एयरपोर्ट के निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे.

BCAS नियम के बाद लिया गया निर्णय
यह बदलाव ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) की आपत्तियों के बाद किया गया है. नियमों के अनुसार भारत में किसी भी एयरपोर्ट का CEO भारतीय नागरिक होना जरूरी है. पहले विदेशी नागरिक के CEO होने के कारण सुरक्षा मंजूरी में बाधा आ रही थी. अब इस नियम के पालन के बाद रास्ता लगभग साफ हो गया है.
अनुभवी नेतृत्व से मिलेगी मजबूती
नीतू समारा अक्टूबर 2021 से एयरपोर्ट में मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) के रूप में काम कर रही थीं. उन्होंने परियोजना के अहम चरण में वित्तीय प्रबंधन, प्रशासन और रणनीतिक योजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. ऐसे में उनके अनुभव से एयरपोर्ट के संचालन को तेजी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
जल्द मिल सकती है सुरक्षा क्लीयरेंस
सबसे बड़ी अड़चन दूर होने के बाद अब एयरपोर्ट को जल्द सुरक्षा मंजूरी मिलने की संभावना है. अधिकारियों के मुताबिक, क्लीयरेंस मिलते ही घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत कर दी जाएगी. पहले ही बोर्ड बैठक में तय किया गया था कि मई की शुरुआत या अंत तक 17 शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
बड़ी क्षमता और भविष्य की योजना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता के साथ शुरू होगा. आगे चलकर इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि इसे देश के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा सके. यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर पर बढ़ते हवाई दबाव को भी कम करेगा.
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
यह एयरपोर्ट केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आर्थिक इंजन साबित हो सकता है. इसके शुरू होने से रोजगार, निवेश, लॉजिस्टिक्स, होटल और इंडस्ट्रियल सेक्टर को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. नोएडा प्राधिकरण के CEO राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, एयरपोर्ट चालू होने के बाद गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और आसपास के इलाकों में तेजी से औद्योगिक विकास होगा और लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे.



