चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेअंत सिंह हत्याकांड में तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को मानवीय आधार पर 10 दिनों की पैरोल देने की सिफारिश की है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर पैरोल मंजूर करने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक डी.ओ. पत्र में हवारा की बुजुर्ग मां की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति का हवाला दिया है। पत्र में कहा गया है कि हवारा की माता काफी वृद्ध हैं और कई गंभीर शारीरिक बीमारियों से जूझ रही हैं, जिसके चलते उनकी स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हाईकोर्ट के निर्देशों का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को भेजे पत्र में बताया कि जगतार सिंह हवारा ने पैरोल पर रिहाई के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ में याचिका दायर की थी। मुख्यमंत्री के पत्र के मुताबिक, हाईकोर्ट ने सरकार और संबंधित प्रशासन को हवारा की पैरोल अर्जी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के निर्देश दिए हैं।
मानवीय आधार पर जल्द फैसला लेने की अपील
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से अपील की है कि हवारा की पारिवारिक परिस्थितियों और उसकी बुजुर्ग मां की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मानवीय आधार पर 10 दिनों की पैरोल देने के आदेश जारी किए जाएं।
मुख्यमंत्री की इस सिफारिश के बाद अब पैरोल के मुद्दे पर राज्यपाल स्तर पर निर्णय लिया जाना है। मामला संवेदनशील होने के कारण पैरोल की मंजूरी संबंधित कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के तहत होगी।



