IndiaTrendingUttar Pradesh

सीएम योगी गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर देंगे विकास और निवेश को नई उड़ान, ईएमसी यूनिट का करेंगे उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शनिवार को विकास परियोजनाओं का बड़ा दिन रहने वाला है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, औद्योगिक निवेश और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

सीएम योगी गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर देंगे विकास और निवेश को नई उड़ान, ईएमसी यूनिट का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। यहां सेक्टर10 में प्रदेश के पहले इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का उद्घाटन करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना यमुना सिटी क्षेत्र में विकसित की जा रही है, जिसे केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से तैयार किया गया है। लगभग 206 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस ईएमसी पार्क पर करीब 417 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें केंद्र सरकार की 144 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री दो बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें असेंटके सर्किट प्राइवेट लिमिटेड की लगभग 3,220 करोड़ रुपये तथा अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड की करीब 3,532 करोड़ रुपये की निवेश परियोजना शामिल है। दोनों कंपनियों का कुल निवेश लगभग 6,750 करोड़ रुपये होगा। इन इकाइयों में मदरबोर्ड, सेमीकंडक्टर चिप बोर्ड और कंप्यूटर, स्मार्टफोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को नई गति मिलने के साथसाथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर96 पहुंचेंगे। यहां वे नोएडा प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उनका सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां उद्योगों और उद्यमियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों में चल रही सड़क, पुल और अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा में परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इस दौरे से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक निवेश को नई दिशा मिलेगी तथा उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएगा।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply