मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते ऑटोरिक्शा और टैक्सी यूनियनों ने किराए में एक और बढ़ोतरी की मांग की है. ड्राइवर्स का तर्क है कि फ्यूल की कीमतों में बारबार हुए बदलावों ने हाल ही में किराए में की गई बढ़ोतरी से मिले फायदों को खत्म कर दिया है. महानगर गैस लिमिटेड ने शनिवार को CNG की कीमतों में 1.50 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की. इससे रविवार से रिटेल रेट 90 रुपए से बढ़कर 91.50 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है. इससे पहले 1 नवंबर को भी कीमतों में 1 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी. इस तरह, पिछले 75 दिनों में CNG की कीमतों में कुल 5.50 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है.

महंगा हो सकता है ऑटोरिक्शा और टैक्सी में सफर
कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी से इस क्षेत्र में ऑटोरिक्शा और टैक्सी पर निर्भर लाखों लोगों के लिए सफर करना और महंगा हो सकता है. ऑटो यूनियनों का कहना है कि फ्यूल की बढ़ती कीमतों, मेंटेनेंस के बढ़ते खर्च और कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स से जुड़े खर्चों के कारण, मौजूदा किराए के ढांचे में ड्राइवरों के लिए अपनी कमाई बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है. मुंबई रिक्शामेन यूनियन के नेता थम्पी कुरियन ने ‘टीओआई’ को बताया कि कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी ने हाल ही में किराए में किए गए बदलाव के फायदों को पूरी तरह खत्म कर दिया है. उन्होंने बताया कि पिछली बार किराए में बढ़ोतरी के बाद ऑटो मीटरों को रीकैलिब्रेट करने का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि CNG की कीमतें फिर से बढ़ गईं.
2 रुपए बढ़ सकता है किराया
किराया संशोधन फॉर्मूले के आधार पर, यूनियनों का अनुमान है कि ऑटोरिक्शा का न्यूनतम किराया 2 रुपए और बढ़ाया जाना चाहिए, जिससे पहले 1.5 किलोमीटर के लिए किराया 27 रुपए से बढ़कर 29 रुपए हो जाए. यह मांग ऐसे समय में आई है जब पूरे MMR में ऑटोरिक्शा मीटरों को रीकैलिब्रेट करने का काम चल रहा है. परिवहन विभाग ने इस काम को पूरा करने के लिए 30 नवंबर की समयसीमा तय की है. कीमतों में इस बदलाव के बारे में बताते हुए, MGL ने कहा कि मिडिल ईस्ट संकट, घरेलू गैस आवंटन में कमी और आयातित रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस पर बढ़ती निर्भरता के कारण गैस खरीदने की लागत काफी बढ़ गई है. RLNG की कीमतें इंटननेशनल मार्केट से जुड़ी होती हैं.
क्यों जरूरी हो गया था सीएनजी की कीमतों में इजाफा
कंपनी ने कहा कि CNG की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने और बढ़ती कॉस्ट के कुछ हिस्से की भरपाई करने के लिए यह बढ़ोतरी जरूरी थी. इस बढ़ोतरी का असर MMR में काफी बड़ा हो सकता है, जहां लगभग 4.7 लाख ऑटोरिक्शा, 2 लाख टैक्सियां और करीब 6 लाख निजी कारें CNG से चलती हैं. इस इलाके में 529 CNG फिलिंग स्टेशन हैं, जो लगभग 13.5 लाख CNG वाहनों की जरूरतें पूरी करते हैं. वहीं, पाइप से मिलने वाली रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे करीब 33 लाख परिवारों को राहत मिली है.



