
महमूदाबाद, सीतापुर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को महमूदाबाद में निकली भव्य कांवड़ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम बन गई। क्षेत्र में पहली बार इतनी विशाल और मनोहारी कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों शिवभक्त शामिल हुए। धूप और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। केसरिया वस्त्र धारण किए कांवड़िये लाहरहर महादेव और बमबम भोले के जयकारों के साथ नंगे पांव यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा का शुभारंभ बाबा परमहंस धाम बन्नी स्थित सरोवर से हुआ। कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा और महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या ने विधिवत पूजनअर्चन कर यात्रा को रवाना किया। सरोवर के जल में गंगाजल मिलाकर श्रद्धालुओं को कलश वितरित किए गए। भक्ति गीतों की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं की टोली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
कांवड़ यात्रा सुंदौली मोड़, ठाकुरपुर, मोतीपुर चौराहा, रमुवापुर, बेलदारी टोला, रामकुंड चौराहा और बजाजा चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में जगहजगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बजाजा चौराहे के निकट समाजसेवी अंबरीश गुप्त ने कांवड़ियों का अभिनंदन किया। यात्रा का समापन मां संकटा देवी धाम परिसर स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान नर्मदेश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक कर विधिवत पूजाअर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी यात्रा में शामिल रहीं।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा की ओर से की गई। कांवड़ यात्रा में सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी, पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा, मोहन प्रसाद बारी, अंकुश राज विश्वकर्मा, शिवदास पुरवार, कृतार्थ मिश्र, अतुल चित्रांश, जितिन तिवारी, विजय तोमर, अनिल शुक्ल, कमलेश राजपूत, अम्बरीश वर्मा, रवि अवस्थी, किरन वाजपेयी, करूणा, पूनम वर्मा, कामिनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।


