
धनबाद: केके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परिसर स्थित बीएड कॉलेज में मंगलवार शाम एक कंप्यूटर ऑपरेटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना प्राचार्य के कमरे में हुई, जहां कर्मचारी का शव मिला। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि प्राचार्य किसी काम से धनबाद गए हुए थे और उनका कमरा खाली था। इसी दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर अनूप कुमार सेन वहां पहुंचा। घटना से कुछ समय पहले उसने कॉलेज के गार्ड के साथ चाय भी पी थी। इसके बाद वह प्राचार्य के कमरे में चला गया।
कुछ देर बाद जब कमरा बंद मिला तो गार्ड को संदेह हुआ। इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी गई। दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़ना पड़ा। कमरे के अंदर कर्मचारी का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
छह महीने पहले संस्थान में हुई थी नियुक्ति
जानकारी के मुताबिक, अनूप कुमार सेन ने करीब छह महीने पहले ही संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम शुरू किया था। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में था। हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों ने रखी मुआवजे और नौकरी की मांग
घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण संस्थान के सामने पहुंचे। उन्होंने परिवार के लिए मुआवजा, पत्नी को नौकरी और दोनों बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था करने की मांग रखी। संस्थान प्रबंधन और परिजनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई।
बातचीत के बाद संस्थान की ओर से मांगें मान लिए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने की कोशिश की जाएगी।



