
बेंगलुरु के चिक्काबनावरा इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड ने लोगों को दहला दिया है। एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करोड़ों की संपत्ति और अवैध संबंधों के चक्कर में अपने पति की नृशंस हत्या कर दी।
हत्या का चश्मदीद बने अपने चार साल के मासूम बेटे को भी रास्ते से हटाने के लिए उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी हारिनी (26) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी विनय की तलाश की जा रही है।
हत्या कर पुलिस को दी सूचना
यह घटना सोमवार की है। हारिनी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया और बताया कि उसने पति अभिनंदन (35) और बेटा यदुवीर (4) बिस्तर पर मृत पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को हारिनी के बयानों में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपनी गुनाह कबूल कर लिया।
पिता की हत्या देखने पर बेटे का कत्ल?
पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार रात करीब 11 बजे हारिनी ने अपने प्रेमी विनय को घर बुलाया था। दोनों ने मिलकर अभिनंदन की हत्या की। इस दौरान चार साल के मासूम यदुवीर की नींद खुल गई और उसने पूरी वारदात देख ली।
अपना राज खुलने के डर से बेरहम मां ने अपनी ही कोख से जन्मे बेटे का गला घोंट दिया। इसके बाद वारदात को सुसाइड या आपसी विवाद का रूप देने के लिए आरोपियों ने पिता के शव को बच्चे के ऊपर रख दिया।



