CrimeIndiaTrending

दरवाजा बंद करने की बात पर भड़का विवाद, मुंबई लोकल में युवक की चाकू घोंपकर हत्या…

दरवाजा बंद करने की बात पर भड़का विवाद, मुंबई लोकल में युवक की चाकू घोंपकर हत्या…

मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना बीती रात 10:00 बजे के आस-पास हुई। मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में कई गई है। जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के कारण पानी ट्रेन के अंदर आ रहा था। आरोपी और मृतक के बीच दरवाजा बंद करने को लेकर बहस हुई थी। वेस्टर्न रेलवे पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी को बहस के बाद लोगों ने पीटा। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकालकर मयंक पर हमला कर दिया। इसकी वजह से मयंक की मृत्यु हो गई। आरोपी की पहचान हो गई है जिसे पकड़ने के लिए रेलवे पुलिस ने 6 टीमों का गठन किया है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतक फर्स्ट-क्लास कोच में यात्रा कर रहा था। तभी अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच उस पर हमला किया गया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बोरीवली रेलवे पुलिस (GRP) ने हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन से कूदकर भाग गया था।

दरवाजा बंद करने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, लोहार और आरोपी ट्रेन नंबर 90663 के फर्स्ट-क्लास कोच में यात्रा कर रहे थे, जो रात 10.05 बजे चर्चगेट से चली थी। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के बीच लोहार ने आरोपी से कोच का दरवाज़ा बंद करने के लिए कहा। इसके बाद बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान आरोपी ने मयंक के पेट में चाकू घोंप दिया। पुलिस ने बताया कि रात 11.04 बजे बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले ही, आरोपी चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म 6 के पास कूद गया और स्टेशन परिसर से भाग गया।

आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई गई

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। जांचकर्ता रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं और उन यात्रियों की जानकारी जुटा रहे हैं जिन्होंने शायद हमला देखा हो। विरार के रहने वाले मयंक लोहार, अंधेरी में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन का काम करते थे। काम के बाद घर लौटते समय यह घटना हुई। उनके परिवार में माता-पिता, एक बहन और तीन भाई हैं।

बता दें कि इस साल वेस्टर्न रेलवे के सबअर्बन नेटवर्क पर चाकू मारने की यह दूसरी घटना है। फरवरी में, विले पार्ले कॉलेज के 32 साल के लेक्चरर आलोक सिंह को मलाड स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय हुई बहस के दौरान चाकू मार दिया गया था। पुलिस ने उस मामले में आरोपी ओंकार शिंदे को गिरफ्तार किया था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply