Nagpur Gold Fraud Case: नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में ठगों ने खुदाई के दौरान सोने के आभूषण मिलने का झांसा देकर एक हार्डवेयर व्यवसायी से 1 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने सोने की परत चढ़ा हुआ पीतल का कड़ा असली सोना बताकर बेच दिया और रकम लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद गिट्टीखदान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चिंतामणीनगर, भीवसेनखोरी निवासी पप्पूलाल प्रजापति हार्डवेयर व्यवसायी हैं। कुछ दिन पहले एक युवक उनकी दुकान पर आया और सामान्य सामान खरीदकर चला गया। अगले दिन वही युवक करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर पहुंचा। उस व्यक्ति ने भी दुकान से रस्सी खरीदी और दोनों ने व्यवसायी से बातचीत कर धीरेधीरे परिचय बढ़ाया।
सोना बताकर बेचा पीतल का कड़ा
इसके बाद तीसरे दिन वह अधेड़ व्यक्ति अकेले दुकान पर आया और बातचीत के दौरान दावा किया कि खुदाई के दौरान उसे कुछ पुराने सोने के आभूषण मिले हैं। उसने कहा कि उसकी बेटी बीमार है और इलाज के लिए उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। इसी वजह से वह बाजार भाव से काफी कम कीमत पर आभूषण बेचने को तैयार है। शुरुआत में पप्पूलाल ने उसकी बात पर भरोसा नहीं किया और प्रस्ताव ठुकरा दिया।
चौथे दिन आरोपी फिर एक महिला के साथ दुकान पर पहुंचा। दोनों ने मिलकर व्यवसायी का विश्वास जीतने की कोशिश की और फिर वही कहानी दोहराई। आरोपियों ने सोने का एक कड़ा दिखाते हुए उसे असली सोना बताया। उनकी बातों में आकर पप्पूलाल ने 1 लाख रुपये देकर कड़ा खरीद लिया।
हार्डवेयर कारोबारी से 1 लाख रुपए की ठगी
इतना ही नहीं, आरोपियों ने व्यवसायी से यह कहकर मदद भी मांगी कि उन्हें आगे जाना है। भरोसा होने के कारण पप्पूलाल ने उन्हें अपने वाहन से एक स्थान तक छोड़ भी दिया। बाद में जब कड़े की जांच कराई गई तो पता चला कि वह सोना नहीं बल्कि सोने की परत चढ़ा हुआ पीतल का कड़ा था। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने तत्काल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के हुलिए और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क, बाजार या दुकानों पर कम कीमत में सोना, चांदी या अन्य कीमती सामान बेचने का दावा करने वाले अजनबियों के झांसे में न आएं। ऐसे मामलों में पहले वस्तु की जांच कराएं और किसी भी की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि इस तरह की ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



