नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ से हुई तबाही के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
125 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तट से टकराया तूफान
चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ बुधवार तड़के 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। इसके बाद यह आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम के बीच तटीय क्षेत्र से गुजरा। तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिला है। यहां अब तक करीब नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण राज्य के तटीय जिलों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। हजारों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। तूफान के कारण 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अलावा करीब दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद होने की जानकारी सामने आई है।
अमित शाह ने चार राज्यों के सीएम से की बात
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की है। उन्होंने लिखा, ‘चक्रवात अर्नब के मद्देनजर, मैंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस आपदा के समय लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।’



