Kanpur Murder Case: कानपुर में हाई प्रोफाइल कारोबारी हत्याकांड में खुलासा करते हुए कानपुर पुलिस ने चौंका देने वाली बात बताई है. करोड़पति दवा कारोबारी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा आखिरकार हत्यारोपियों के कल शाम पकड़े जाने के बाद कानपुर पुलिस ने आज शाम कर दिया है. हत्या में हत्यारों के साथ शामिल करोड़पति कारोबारी की बहू शालू को गिरफ्तार भी कर लिया गया है.

क्या बोली पुलिस?
फिलहाल घटना के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि हत्या आरोपियों को 6 लाख रुपये की सुपारी कारोबारी की बहू शालू ने दी थी, क्योंकि वह आए दिन ससुर की बंदिशों और उसके खर्चों पर रोक के चलते बेहद तनाव में थी. गिरफ्तारी के बाद बहू शालू ने पुलिस को बताया कि ससुर उस पर सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगाह रखते थे और उसकी देर रात की पार्टियों को लेकर भी उसे मनाही थी. ॉ
ससुर की रोजरोज पैसे खर्च करने को लेकर उसे खरीखोटी बातें सुनाई जाती थीं. घटना के खुलासे के बाद जिस किसी ने घटना के पीछे इकलौती बहू का हाथ होने की बात सुनी, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि इकलौते बेटे के पिता कारोबारी की मौत के बाद यह सब कुछ उसी का होना था. घटना के बाद मौके पर बहू फूटफूट कर रोते हुए दिखाई दी थी. जबकि घटना करने वाले नौकर को काफी देर हुए अपने फ्लैट में भी छुपाए रखी रही.
कॉल डिटेल में क्या निकला?
पुलिस ने कॉल डिटेल में देखा कि नौकर विशाल की घटना के आसपास के घंटे में कई बार शालू से बात हुई है. घटना के दिन 9:36 बजे रात में फ्लैट में हत्या आरोपियों ने एंट्री की. जबकि इससे पहले शालू अपने पति के साथ देर रात की पार्टी में शामिल होने घर से निकल चुकी थी. फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी भी हत्या आरोपी विशाल के पास शालू ने बनवाकर दी थी.
ससुर विनीत मिनोचा की हत्या के लिए 6 लाख की सुपारी देने की बात भी हत्या आरोपी विशाल और शिवकुमार ने स्वीकार की है. हत्या आरोपियों विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर ने बताया कि डुप्लीकेट चाबी से फ्लैट में घुसकर कारोबारी की हत्या की है.
चाकू से गोदकर 63 वर्षीय विनीत मिनोचा की हत्या करने वाला विशाल कभी उनके घर में नौकर हुआ करता था. इसके चलते सोसाइटी में उसे ज्यादातर लोग जानते थे. काम छोड़ने के बाद भी वह अक्सर उनके घर आयाजाया करता था. कल घटना की पुलिस को जानकारी आने के बाद कारोबारी के बेटे सुब्रत ने पुलिस को एक तहरीर दी थी, जिसके आधार पर बीती रविवार देर शाम नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर को पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा के तहत गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया था.
इसके बाद उनसे पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि बहू शालू ने ही हत्या की साजिश रची थी. CCTV फुटेज और कॉल डिटेल से पूरी साजिश खुली. पुलिस ने बहू शालू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.



