
मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के खानशावली क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार द्वारा होटल से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी के पार्सल…
मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के खानशावली क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार द्वारा होटल से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी के पार्सल में कथित तौर पर मरा हुआ चूहा निकला। परिवार के लोग मटन खा रहे थे, तभी एक बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजनों ने मटन को ध्यान से देखा तो उसमें चूहे के अवशेष दिखाई दिए। घटना के बाद परिजन घबराकर बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे
जानकारी के अनुसार, खानशावली क्षेत्र निवासी एक युवक रहमान खान शुक्रवार रात शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से मटन कोल्हापुरी खरीदकर घर लेकर गया था। घर पहुंचने के बाद परिवार के सदस्य मटन खाने लगे। इसी दौरान परिवार के एक बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई। बच्चे को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजनों ने खाने की जांच की।
मटन के अंदर कथित तौर पर मरा हुआ चूहा मिलने से परिवार के होश उड़ गए। परिजनों के मुताबिक चूहे की मुंडी गायब थी, जबकि पूंछ और शरीर के अन्य अवशेष मटन के अंदर दिखाई दे रहे थे। बच्चे की बिगड़ती हालत को देखते हुए परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई है। शिकायत के बाद अब खाद्य विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की मांग उठ रही है। हालांकि, मटन में चूहा मिलने और बच्चे की तबीयत खराब होने के संबंध में होटल संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है।



