आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान किए गए हैं. इनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपए बताई जा रही है. यह दान चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने दिया है. 26 नवंबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे गए. इस दान में भगवान के लिए सोने का मुकुट, बाजूबंद, कमरबंद और पैरों के आभूषण समेत कई खास गहने शामिल हैं. इस बड़ी भेंट के बाद वर्धमान जैन चर्चा में हैं. आइए जानते हैं कौन हैं वर्धमान जैन और उन्होंने इतनी बड़ी रकम के सोने का दान क्यों दिया?

कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन चेन्नई के कारोबारी और उद्यमी हैं. उन्होंने हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग और ऑटोमेशन के क्षेत्र में काम करके अपनी पहचान बनाई है. वह हेल्थकेयर से जुड़ी टेक्नोलॉजी सेवाएं देने वाली कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के फांउडर और पूर्व वाइस चेयरमैन हैं.
वर्धमान जैन ने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की. इसके बाद वह अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने टेक्सास यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की. उनके पास मेडिकल कोडिंग और इमेज प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़े कई पेटेंट भी हैं.
कारोबार की दुनिया में आने से पहले उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम किया. वह विजन हेल्थसोर्स के कोफाउंडर भी रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने डेल सर्विसेज के बीपीओ डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली.
2 अरब डॉलर की डील से चर्चा में आया था कारोबार
वर्धमान जैन की कारोबारी सफलता में साल 2025 काफी अहम रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर की 70% हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को बेच दी थी. इस सौदे की कुल कीमत करीब 2 अरब डॉलर बताई गई थी. इस सौदे के बाद जैन ने भगवान वेंकटेश्वर के लिए 200 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के सोने के आभूषण दान करने की योजना बनाई थी. अब 121 किलो सोने के गहने मंदिर को सौंपे गए हैं.
पहली बार नहीं किया इतना बड़ा दान
वर्धमान जैन का तिरुमाला मंदिर से जुड़ाव काफी पुराना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 2019 से मंदिर में दान करते रहे हैं. 7 करोड़ रुपए श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के विकास के लिए दान किए थे. 5 करोड़ रुपए मंदिर की गोशाला में पशुओं के लिए चारा बनाने का प्लांट बनाने के लिए दान किए थे. मई 2026 में मंदिर की परिवहन जरूरतों के लिए कई इलेक्ट्रिक बसें दान की थीं. इस तरह 121 किलो सोने का दान उनके पुराने योगदानों की कड़ी में एक और बड़ी भेंट है.



