Delhi Murder Case: दिल्ली के मोती नगर में एक कपड़े के शोरूम के अंदर 18 साल की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने शोरूम के चेंजिंग रूम में ले जाकर धारदार हथियार से युवती का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया. वारदात का पता उस समय चला, जब रात करीब 9 बजे कर्मचारी शोरूम बंद करने पहुंचे. चेंजिंग रूम में युवती का शव देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे दोस्ती में आई दरार और एकतरफा प्यार का शक जताया जा रहा है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

मोती नगर के शोरूम में काम करती थी युवती
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है. वह पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी और मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित वस्त्र महल नाम के कपड़े के शोरूम में काम करती थी. शनिवार को भी वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंची थी. शाम को उसकी छुट्टी होने वाली थी, तभी एक युवक शोरूम में आया. बताया जा रहा कि आरोपी और शबनम पहले से एकदूसरे को जानते थे. दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे.
चेंजिंग रूम में ले जाकर गला रेता
शनिवार शाम आरोपी शबनम को शोरूम के चेंजिंग रूम में ले गया. वहां उसने धारदार हथियार से युवती के गले पर हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल शबनम की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शोरूम से बाहर निकलकर फरार हो गया. हैरानी की बात यह रही कि शोरूम में मौजूद अन्य कर्मचारियों को काफी देर तक इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी.
रात 9 बजे मिला युवती का शव
रात करीब 9 बजे जब कर्मचारी शोरूम बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तब वे चेंजिंग रूम की तरफ पहुंचे. वहां शबनम का शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची मोती नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस शोरूम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. शुरुआती जांच में दोस्ती में आई दरार और एकतरफा प्यार को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से चल रहे विवाद और हत्या से पहले हुई बातचीत की भी जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है.



