
लखनऊ/मेरठ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को दिल्ली से मेरठ सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए दिल्लीमेरठ एक्सप्रेसवे का अनुभव सोशल मीडिया साझा किया। उन्होंने एक्स पर अपनी सुखद यात्रा का अनुभव साझा करते हुए लिखा कि जिस यात्रा में पहले तीन घंटे से अधिक समय लगता था, वह अब केवल 45 मिनट में आसानी से पूरी हो जाती है। नितिन नबीन ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया कि किस तरह एक विजन को जमीन पर उतारकर वास्तविकता में बदला जा सकता है।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिल्लीमेरठ एक्सप्रेसवे लाखों यात्रियों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। भारतमाला परियोजना के तहत निर्मित इस एक्सप्रेसवे में भारत का पहला 14लेन एक्सप्रेसवे खंड शामिल है। उन्होंने इसे नए भारत के पैमाने, गति और महत्वाकांक्षा का प्रमाण बताया।
‘अच्छी सड़क सिर्फ दो बिंदुओं को नहीं जोड़ती’
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक अच्छी सड़क केवल नक्शे पर दो बिंदुओं को जोड़ने का काम नहीं करती। इसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क एक किसान को बाजार से, छात्र को स्कूल से और मरीज को समय पर अस्पताल से जोड़ती है।
नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्लीमेरठ एक्सप्रेसवे जैसी परिवर्तनकारी परियोजनाएं उस भारत की तस्वीर पेश करती हैं, जहां विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी के लंबे समय से चले आ रहे सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा देश को विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे ले जा रहा है।
सीएम योगी ने नितिन नबीन के अनुभव पर दिया जवाब
नितिन नबीन के पोस्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी। सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह अनुभव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत की गति और विकसित होते उत्तर प्रदेश की जीवंत तस्वीर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्लीमेरठ एक्सप्रेसवे ने केवल दूरी कम नहीं की, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के और करीब लाने का काम किया है। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आमजन की पहुंच भी सहज हुई है।
‘गति और प्रगति’ को बताया एकदूसरे का पर्याय
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा में ऐसे अनेक संकल्प आज सिद्धि बनकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ‘गति और प्रगति’ को एकदूसरे का पर्याय बनाते हुए ‘विकसित भारतविकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई रफ्तार दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए आभार भी जताया।



