गोरखपुर में भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय पुत्र आर्यवर्धन सिंह की जेसीबी की चपेट में आने से मौत का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. अब आर्यवर्धन सिंह के पिता ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला है. अखिलेश यादव के बयान पर ओंकार सिंह श्रीनेत ने कहा कि अखिलेश यादव को जो कहना है, वह कह सकते हैं. वह संकुचित मानसिकता के व्यक्ति हैं. इतनी बड़ी घटना हो गई. मेरा बेटा चला गया, अगर उनके यहां ऐसी घटना होती तो वह इस तरीके से बात करते?

इस सवाल पर कि इसको भाजपा राजनीतिक मुद्दा बना रही है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का बुद्धि भ्रष्ट हो गया है, मैं यही कहूंगा कि सत्ता की चाह ने उन लोगों को कुंठित मानसिकता का बना दिया है. कुंठित मानसिकता के नाते वह कुछ भी कह सकते हैं.
सपा प्रमुख ने अपने ट्विटर हैंडल से इस मामले को लेकर बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. ओंकार सिंह श्रीनेत ने पूरी घटना बताते हुए कहा कि यह दो ढाई बजे की घटना है. उस दिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव का PDA रथ जा रहा था. उनका काफिला आगे बढ़ गया था. जेसीबी से उनके ऊपर फूलों की वर्षा की जा रही थी. जेसीबी उनके करीब जाने के लिए आगे बढ़ रहा था. तीनचार जेसीबी थे. मेरा बेटा उसी की चपेट में आ गया. उसे चोट लगा और वह गिर गया. उन्होंने कहा कि चोट लगने के बाद हो सकता था कि वह बच जाता, लेकिन जेसीबी वाला उसके ऊपर चढ़ा दिया.
अस्पताल ले जाने की जगह लोग बना रहे थे वीडियो… पिता का छलका दर्द
इस सवाल पर कि प्रशासन के लोग भी वहां पर मौजूद थे पर उसे अस्पताल किसने पहुंचाया? इस पर उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. लोगों की मानवता ही मर गई थी. लोग उसे अस्पताल ले जाने की बजाय उसका वीडियो बना रहे थे, अगर उसे सही समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो हो सकती थी कि उसकी जान बच जाती, वीडियो बनाने के चक्कर में लोग उसे तुरंत लेकर नहीं गए, जबकि एम्स बहुत ही नजदीक था. दो लड़के मेरे बच्चे को ऑटो में लेकर अस्पताल गए थे.
इस सवाल पर कि कल मुख्यमंत्री आपकी आवास पर मिलने आए थे क्या उन्होंने कोई आश्वासन दिया है? क्या मुआवजा राशि आपको मिली है? इस पर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आए थे. उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की उन्होंने आश्वासन दिया है कि जो भी इस घटना में शामिल हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.
अब डाल रहे हैं फेक वीडियो… अखिलेश पर साधा निशाना
इस सवाल पर की अखिलेश यादव के द्वारा ट्विटर हैंडल से एक सीसीटीवी शेयर किया गया है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मोड़ दिया जा रहा है. जेसीबी से एक्सीडेंट नहीं हुआ है. एक्सीडेंट किसी और गाड़ी से हुआ है, सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीतिक मोड़ अखिलेश दे रहे हैं.
उन्होंने सवाल किया कि इस तरीके का फेक वीडियो डालकर वह क्या बताना चाह रहे हैं. वह फेक वीडियो है. वह AI से बनाया गया है. लोगों के सामने ही यह एक्सीडेंट हुआ है लोगों ने इसे देखा है, पहले जब इस धक्का लगा तो वह गिर गया, जिसके बाद जेसीबी उस पर चढ़ाकर भाग गया. बहुत दूर तक लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा. अखिलेश यादव को जो कहना है, वह कह सकते हैं वह संकुचित मानसिकता के व्यक्ति हैं. इतनी बड़ी घटना हो गई. मेरा बेटा चला गया, अगर उनके यहां ऐसी घटना होती तो वह इस तरीके की बात नहीं करते.
इस सवाल पर कि अखिलेश यादव की तरफ से कोई प्रतिनिधि मंडल आपसे मिलने या हालचाल लेने के लिए आया है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी एकदो कार्यकर्ता आए थे, लेकिन वे क्या कहेंगे. उनके लोगों ने यह घटना कर दी. आपके उन्होंने बताया कि मेरे तीन बच्चे हैं, जिसमें आवर्धन सबसे बड़ा था और वह हाई स्कूल में पढ़ रहा था. मेरी छोटी बेटी सातवीं क्लास में पढ़ती है. उसको स्कूल से लाने के लिए वह जा रहा था.
अबतक पांच आरोपी गिरफ्तार
वहीं, इस मामले में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि 18 नवंबर को एम्स थाना क्षेत्र में हुए रोड शो की घटना के संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी. आज तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें जेसीबी चालक और चार अन्य अभियुक्त शामिल में हैं.
उन्होंने कहा किघटना में प्रयुक्त जेसीबी को जब्त कर लिया गया है. इन्हीं तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधि कार्रवाई चल रही है और भी जो आरोपी हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है. शीघ्र ही बचे हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


