Dhruv Rathee: 10 अक्टूबर को दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने आए यू ट्यूबर घ्रुव राठी ने मीडिया को बताया कि वह व्यक्तिगत तौर पर आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी से किसी तरह के रिश्ते से इनकार किया है।

ध्रुव राठी बोले किसी पार्टी से नहीं जुड़ा, व्यक्तिगत तौर पर प्रदर्शन में शामिल हुआ
यूट्यूबर ध्रुव राठी ने स्पष्ट किया है कि वह किसी राजनीतिक दल की ओर से नहीं, बल्कि एक आम नागरिक के तौर पर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
वह राजनीति में नहीं आना चाहते, लेकिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और देश की संस्थाओं की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को गंभीर मानते हैं।
SIR और संस्थाओं की स्वतंत्रता पर उठाए सवाल
ध्रुव राठी ने कहा कि मीडिया, न्यायपालिका और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर दबाव होने के आरोप लंबे समय से उठते रहे हैं।
उनके मुताबिक, इन संस्थाओं की स्वतंत्रता और अधिकारों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में अदालत से भी हस्तक्षेप कर स्थिति की जांच करने की जरूरत बताई।
‘सिर्फ वीडियो बनाना काफी नहीं लगा’
वह पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों सहित कई मुद्दों पर वीडियो बना चुके हैं। हालांकि, इस बार उन्हें लगा कि मामला इतना गंभीर है कि केवल वीडियो के जरिए अपनी बात रखना पर्याप्त नहीं होगा। इसी वजह से उन्होंने खुद मैदान में उतरकर प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला किया।
CJP से जुड़ने की बात से किया इनकार
ध्रुव राठी ने कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े नहीं हैं और इस प्रदर्शन में व्यक्तिगत हैसियत से आए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों का इस मुद्दे को उठाना उनकी अपनी राजनीतिक भूमिका है। राठी के मुताबिक, उनका उद्देश्य किसी पार्टी का समर्थन करना नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में मुद्दे को समझना और अपनी बात रखना है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की थी उम्मीद
राठी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि प्रदर्शन सामान्य और शांतिपूर्ण तरीके से होगा तथा लोगों को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद जमीन पर पहुंचकर मुद्दे को समझना और विरोध प्रदर्शन में भाग लेना था।



