थिएटर में ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ OTT पर दस्तक देने जा रही है। खास बात ये है कि इंटरनेशनल दर्शकों को फिल्म का एक एक्सटेंडेड वर्जन देखने को मिलेगा। नेटफ्लिक्स ने घोषणा की है कि फिल्म का “Raw and Undekha” कट 14 मई 2026 से विदेशों में स्ट्रीम होगा, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

नेटफ्लिक्स पर आएगा एक्सटेंडेड वर्जन
विदेशों में नेटफ्लिक्स पर यह फिल्म ‘Dhurandhar: The Revenge ’ नाम से रिलीज की जा रही है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दर्शकों को फिल्म में कुछ अनदेखे सीन और अलग अनुभव देखने को मिलेगा।
दिलचस्प बात यह है कि OTT वर्जन की अवधि 3 घंटे 52 मिनट है, जो थिएटर रिलीज से करीब 3 मिनट ज्यादा है। थिएटर में रिलीज हुई फिल्म की लंबाई 3 घंटे 49 मिनट 6 सेकेंड थी। हालांकि मेकर्स ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि एक्सटेंडेड कट में कौनकौन से नए सीन जोड़े गए हैं।
जो दर्शक फिल्म थिएटर में देख चुके हैं, उनके बीच यह बढ़ी हुई रनटाइम चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, भारत के बाहर रहने वाले दर्शकों को पहली बार फिल्म देखने का मौका मिलेगा और वो भी इसके सबसे “रॉ” और कम्प्लीट वर्जन में।
भारत में जियोहॉटस्टार पर होगी स्ट्रीम
जहां इंटरनेशनल रिलीज का जिम्मा नेटफ्लिक्स संभालेगा, वहीं भारत में फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स जियोहॉटस्टार के पास हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भारतीय दर्शकों को भी रॉ और अनदेखा वाला एक्सटेंडेड कट देखने को मिलेगा या नहीं।
क्या आएगी ‘धुरंधर 3’?
फ्रेंचाइजी को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच जियो स्टूडियोज की कोप्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने हाल ही में तीसरे पार्ट को लेकर बड़ा संकेत दिया है। बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “हम अभी धुरंधर से निपटे नहीं हैं। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक दर्शकों के लिए एक सरप्राइज होगा। हमारे पास कुछ खास प्लान है।”
उनके इस बयान के बाद ‘धुरंधर 3’ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों फिल्मों में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले अभिनेता राकेश बेदी की राय थोड़ी अलग है।
जूम को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि तीसरा पार्ट बनेगा। लेकिन धुरंधर एक फ्रेंचाइजी है और इसे दूसरे कलाकारों के साथ कभी भी आगे बढ़ाया जा सकता है। कहानी तो जासूस के अपने देश लौटने के साथ खत्म हो जाती है।”
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर माधवन, सारा अर्जुन, संजय दत्त, राकेश बेदी और डेनिश पंडोर भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी और हाल ही में इसने सिनेमाघरों में 50 दिन पूरे किए हैं।



