आज के समय में वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल काफी लोग करते हैं। इसमें कपड़े, चादर, तौलिए और घर की दूसरी चीजें भी आसानी से साफ हो जाती हैं। यह न सिर्फ कपड़ों को साफ करता है बल्कि इससे काफी समय भी बचता है। वॉशिंग मशीन का काम कपड़ों की गंदगी को साफ करना होता है, लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल करने से धीरेधीरे ये गंदगी मशीन में जमा होने लगती है। कपड़ों से निकलने वाली धूल, मिट्टी, डिटर्जेंट और फैब्रिक सॉफ्टनर के छोटेछोटे टुकड़े ड्रम, रबर गैस्केट, फिल्टर और पाइपों में चिपक जाते हैं। इससे वॉशिंग मशीन की क्षमता पर भी फर्क पड़ता है। ऐसे में इसे साफ करने के लिए अक्सर लोग मैकेनिक को बुलाते हैं। लेकिन कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप इसे घर पर ही आसानी से साफ कर सकते हैं।

पहला तरीका
वॉशिंग मशीन को साफ करने से पहले मेन स्विच से प्लग निकाल दें। इसके बाद मशीन को खाली कर दें। अब ड्रम में 2 कप सफेद सिरका डाल दें, अब मशीन को गर्म पानी वाले सबसे लंबे वॉश साइकिल पर चलाएं। सिरका डिटर्जेंट के अवशेष, बदबू और बैक्टीरिया को हटाने में मदद करता है।
दूसरा तरीका
जब पहला साइकिल पूरा हो जाए तो इसके बाद ड्रम में आधा कप बेकिंग सोडा डाल दें और मशीन को शॉर्ट वॉश साइकिल पर चला दें। इससे अंदर की जमी हुई गंदगी और दाग आसानी से साफ हो सकते हैं। वॉश पूरा होने के बाद ड्रम के अंदरूनी हिस्से को सूखे व साफ कपड़े से अच्छी तरह साफ कर दें।
तीसरा तरीका
फ्रंट लोड मशीन में दरवाजे के आसपास लगी रबर की सील में ज्यादा गंदगी जमा होती है। कई बार अधिक गंदगी के चलते इसमें फफूंदी भी जमा हो जाती है। ऐसे में गीले कपड़े से साफ कर सकते हैं। अगर इससे भी गंदगी साफ न हो तो हल्के क्लीनर की मदद से साफ करें।
चौथा तरीका
वहीं, डिटर्जेंट और फैब्रिक सॉफ्टनर रखने वाली ट्रे को निकालकर गुनगुने पानी और ब्रश की मदद से साफ कर सकते हैं। इससे इस पर जमी गंदगी आसानी से साफ हो सकती है। सफाई के बाद मशीन का ढक्कन या दरवाजा कुछ घंटों के लिए खुला छोड़ दें, ताकि अंदर की नमी पूरी तरह निकल जाए।



