CrimeIndiaTrending

पत्नी के रिश्तों पर विवाद, फिर युवक की संदिग्ध मौत! हजारीबाग की घटना ने मचाई सनसनी..

कटकमदाग थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शंकर कुमार महतो के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी शारदा देवी, साला रोशन समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, शंकर की पत्नी शारदा देवी का पिछले कुछ महीनों से बानादाग निवासी आकाश कुमार के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। करीब दस दिन पूर्व दोनों को संदिग्ध अवस्था में पकड़े जाने के बाद विवाद हुआ था। मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी। पंचायत में शंकर ने पत्नी और बच्चे के साथ रहने की बात कही थी।

बताया गया कि 11 अगस्त को शंकर अपनी पत्नी को बाजार से खरीदारी कराने के बाद घर लेकर आया था। रात करीब नौ बजे कथित प्रेमी आकाश का फोन आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान शारदा के भाई रोशन ने शराब के नशे में शंकर के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद दोनों भाई-बहन ने मिलकर शंकर की हत्या कर दी।

12 अगस्त को सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शंकर का शव घर लाया गया। परिजनों का आरोप है कि शव पहुंचने के बाद शारदा, रोशन सहित ससुराल पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर शंकर के भाई गणेश के शाम करीब सात बजे कश्मीर से घर पहुंचने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।

सड़क जाम रात करीब एक बजे तक रहा। कटकमदाग थाना पुलिस के लिखित एवं मौखिक आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply