CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

प्रेमी से निकाह करना चाहती थी तलाकशुदा महिला, उसी ने गला घोंटकर मार डाला..

प्रेमी से निकाह करना चाहती थी तलाकशुदा महिला, उसी ने गला घोंटकर मार डाला..

यूपी के अमरोहा में तलाकशुदा महिला शबाना की गला दबाकर हत्या करने वाले प्रेमी फैज को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात अंजाम देने के बाद वह उड़ीसा भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए फिलहाल उसने कुछ दिनों से डिडौली क्षेत्र स्थित एक धर्मस्थल में पनाह ले रखी थी। गुरुवार शाम हत्यारोपी फैज अमरोहा में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, लोकेशन मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने उसे दबोच लिया।

हत्या के पीछे कारण मृतका शबाना का गैर लोगों से बातचीत करना रहा जो प्रेमी फैज को बर्दाश्त नहीं हो सका। मोबाइल पर बातचीत करते समय रंगेहाथ पकड़ने के बाद शुरू हुए झगड़े में उसने सीने पर बैठ गला दबाकर शबाना की हत्या की थी। हत्यारोपी के पास से मृतका का आधार व पेन कार्ड तथा उसके मोबाइल की रसीद बरामद हुई है।

गौरतलब है कि बीती 24 जून की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुरादाबादी गेट से सटे रेता इलाके में किराए के मकान में रहने वाली तलाकशुदा महिला शबाना की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। मृतका शहर के मोहल्ला कुरैशी निवासी रईसुद्दीन की बेटी थी। करीब दस साल पहले उसकी शादी मोहल्ला नल निवासी युवक असलम के साथ हुई थी। शबाना के दो बच्चे हैं। करीब डेढ़ साल पहले शबाना का अपने पति से तलाक हो गया था। तलाक के बाद वह आठ वर्षीय बेटी शुमायला के साथ रहती थी जबकि एक बेटे को पिता असलम ने अपने पास रोक लिया था।

परिजनों के मुताबिक हत्या से करीब दो महीने पहले से शबाना ने मोहल्ला मुरादाबादी गेट स्थित रेता में अबरार का मकान किराए पर लिया था। उसकी बेटी स्थानीय एक मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रही थी जो कभी-कभी ही घर आया करती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर मामले में मृतका के भाई अमीरुद्दीन ने मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी फैज पुत्र मतलूब के खिलाफ बहन की हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस के मुताबिक दोनों में प्रेम-प्रसंग था। शबाना, फैज के साथ निकाह करना चाहती थी। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों की एक लोकेशन के अलावा लंबी कॉल हिस्ट्री मिली थी लेकिन हत्यारोपी फैज तब पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था। गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी जो उड़ीसा में मिल रही थी। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने हत्यारोपी फैज को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की बात कही।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply