एकीकृत शहरी परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी करके कोब्रांडेड RuPay OnTheGo कार्ड लॉन्च किए हैं. ये कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड तकनीक से लैस हैं. इन कार्डों की मदद से पूरे देश में मेट्रो, बसों और अन्य परिवहन नेटवर्क पर भुगतान किए जा सकेंगे.

इसकी घोषणा मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में की गई. इस समारोह में DMRC के प्रबंध निदेशक डॉ विकास कुमार, एयरटेल पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक और CEO अनुब्रत बिस्वास तथा दोनों संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
दिल्ली मेट्रो और एयरटेल पेमेंट्स बैंक की साझेदारी
ये कोब्रांडेड कार्ड डेबिट कार्ड और मास ट्रांजिट सिस्टम के लिए प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट कार्ड, यात्रियों को एक ही ओपनलूप कार्ड का इस्तेमाल करके कई शहरों और परिवहन प्रणालियों में मेट्रो यात्रा के लिए भुगतान करने की सुविधा देंगे.यह DMRC द्वारा जारी मौजूदा कार्डों की तुलना में एक बड़ा सुधार है, क्योंकि मौजूदा कार्ड केवल दिल्ली मेट्रो नेटवर्क तक ही सीमित हैं. यह पहल भारत सरकार के एक राष्ट्र, एक कार्ड विज़न के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य पूरे देश में परिवहन भुगतानों को सरल और एकीकृत बनाना है.
ये कार्ड अगले 10 दिनों में सभी DMRC स्टेशनों पर उपलब्ध हो जाएंगे, जिससे यात्रियों को इन्हें आसानी से पाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, उपयोगकर्ता किसी भी समय DMRC ऐप या एयरटेल ऐप के माध्यम से अपने कार्ड को डिजिटल रूप से रिचार्ज कर सकते हैं, जिससे टॉपअप के लिए स्टेशनों पर यात्रियों के कतार में लगने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी.
One Nation, One Card मिशन को बढ़ावा
प्रबंध निदेशक, डीएमआरसी, डॉ विकास कुमार ने कहा, DMRC ने यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए हमेशा नवीनतम समाधान अपनाने पर ध्यान केंद्रित किया है. एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ यह विशेष साझेदारी और कोब्रांडेड एनसीएमसी कार्डों की शुरुआत हमारे यात्रियों के लिए न केवल दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के भीतर, बल्कि पूरे देश में कई परिवहन प्रणालियों में भी बिना किसी रुकावट के और एकदूसरे के साथ इस्तेमाल होने वाली यात्रा को संभव बनाएगी.
एयरटेल पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ, अनुब्रत बिस्वास ने कहा, डीएमआरसी के साथ हमारी भागीदारी सुरक्षित, डिजिटलफर्स्ट समाधानों के जरिए शहरी आवाजाही को आसान और आधुनिक बनाने की एक साझा सोच को प्रदर्शित करती है. कोब्रांडेड OntheGo एनसीएमसी कार्ड्स के लॉन्च के साथ, हम यात्रियों को अलगअलग परिवहन प्रणालियों में निर्बाध यात्रा का अनुभव दे रहे हैं, और साथ ही भारत के लिए One Nation, One Card के बड़े लक्ष्य को भी आगे बढ़ा रहे हैं.
पहले से जारी वर्तमान कार्ड हमेशा की तरह काम करते रहेंगे. DMRC आगे भी एनसीएमसी कार्डों की बिक्री को बढ़ावा देना जारी रखेगा. DMRC के मुताबिक यह पहल एक बड़े बदलाव का संकेत है रोजमर्रा की आवाजाही में डिजिटल पेमेंट्स को आसानी से शामिल करना, जिससे ट्रांसपोर्ट और बैंकिंग मिलकर यात्रियों के लिए एक व्यापक एकीकृत यात्रा अनुभव तैयार कर सकें.



